Tuesday, October 14, 2025
Homeधर्म एवं संस्कृतिएमएलडी एकेडमी में ताल तरंग व राम उत्सव की धूम, डांडिया की...

एमएलडी एकेडमी में ताल तरंग व राम उत्सव की धूम, डांडिया की खनक से गूंजा विद्यालय परिसर, सजाई मां दुर्गा के स्वरूपों की आकर्षक झांकियां

केकड़ी, 26 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): एम. एल. डी. इंटरनेशनल एकेडमी (MLD International Academy) केकड़ी में शुक्रवार को ‘ताल तरंग व राम उत्सव’ के भव्य व रंगारंग आयोजन के साथ नवरात्रि उत्सव मनाया गया। स्कूल के छात्रों, शिक्षकों व कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पूरे वातावरण को भक्ति व उल्लास से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर दैनिक नवज्योति के ब्यूरो प्रमुख सुरेंद्र जोशी मुख्य अतिथि एवं श्री मिश्री लाल दुबे मेमोरियल संस्थान के सचिव चंद्र प्रकाश दुबे, डायरेक्टर डॉ. अविनाश दुबे व श्री अनिरुद्ध दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। एकेडमी की डायरेक्टर प्रतिभा दुबे, मधु दुबे व आकांक्षा दुबे एवं प्रधानाचार्या संगीता कुमावत ने सभी अतिथियों का तिलक लगाकर व माल्यार्पण कर स्वागत किया। उत्सव का मुख्य आकर्षण पारंपरिक गरबा व डांडिया नृत्य रहा।

मनमोहक प्रस्तुतियों ने मोहा मन: रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। सैफ्रॉन हाउस के बच्चों ने शानदार गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। वाइट हाउस की वीर गरबा टीम व ग्रीन हाउस की द गरबा क्रू ने भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। झांकी प्रस्तुति ने दर्शकों को भारतीय संस्कृति व पौराणिक कथाओं से जोड़ा। सैफ्रॉन हाउस ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों को दर्शाया, जबकि वाइट हाउस ने राम रंगमंच एवं ग्रीन हाउस ने द त्रिकुटा स्टोरी का सुंदर मंचन किया। प्राइमरी सेक्शन के विद्यार्थियों ने शबरी नाटक की मनमोहक झांकी प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में तीनों हाउस की डांसिंग पीकॉक टीम, खेलैया कैनेटीक्स टीम, सैफ्रॉन डांडिया टीम व वाइट हाउस के डांडिया ग्रुप ने भक्ति गीतों पर नृत्य नाटिकाएं प्रस्तुत की।

बुराई पर अच्छाई की जीत का प्र​तीक: मुख्य अतिथि सुरेंद्र जोशी ने कहा कि कहा कि यह पर्व बुराई पर अच्छाई व अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका मार्गदर्शन किया तथा आशीर्वाद दिया। सचिव चंद्र प्रकाश दुबे ने अपने संबोधन में छात्र-छात्राओं को मानवीय मूल्यों को धारण करने व आध्यात्मिक जीवन शैली अपनाने का महत्व समझाया। कार्यक्रम का समापन सभी प्रतिभागियों द्वारा भजन ‘राम सिया राम’ पर दी गई अनूठी व अद्भुत प्रस्तुति के साथ हुआ। एकेडमी की डायरेक्टर प्रतिभा दुबे ने सभी आगंतुकों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त जताया। कार्यक्रम का संचालन प्रगति जोशी व सुनीता पारीक ने किया। मिडिया प्रभारी की भूमिका रामराज कुम्हार व वर्षा खंगारोत ने निभाई। अंत में सभी छात्र-छात्राओं को प्रसाद वितरित किया गया।

RELATED ARTICLES