केकड़ी, 12 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अन्तर्राष्ट्रीय रामस्नेही संप्रदाय के प्रधान पीठाधीश्वर अनंत विभूषित जगद्गुरु श्री 108 स्वामी रामदयाल महाराज के पावन कर कमलों से एवं विधायक शत्रुघ्न गौतम के मुख्य आतिथ्य में 13 जून शुक्रवार को सायं 6 बजे पुरानी केकड़ी स्थित सूरजपोल गेट के बाहर नवनिर्मित रामस्नेही वाटिका का भव्य लोकार्पण किया जाएगा।लोकार्पण से पहले 5 बजे सूरजपोल गेट के बाहर पथवारी से जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज का मंगल आगमन भव्य शोभायात्रा के साथ होगा। इस शोभायात्रा में सर्वसमाज के स्त्री-पुरुष महाराज की पदरावणी करेंगे। रामस्नेही वाटिका पहुंचने पर विधायक शत्रुघ्न गौतम की मौजूदगी में वाटिका का भव्य लोकार्पण होगा।
धर्मसभा का होगा आयोजन: लोकार्पण के बाद एक धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आचार्य रामदयाल महाराज द्वारा आध्यात्मिक आस्था का भव्य संगम व आत्म कल्याण की प्रेरणा के आशीर्वचन दिए जाएंगे। रामद्वारा सेवा समिति के आनंदीराम सोमानी ने बताया कि लोकार्पण कार्यक्रम के बाद नवनिर्मित रामस्नेही वाटिका में महाप्रसादी भंडारे का भी आयोजन होगा। इसमें केकड़ी के समस्त भक्तजन व सभी समाज के महिला-पुरुष सपरिवार सादर आमंत्रित हैं। इसी के साथ 14 जून शनिवार को सुबह 8 बजे से 9 बजे तक एवं रात्रि में 8 बजे से 10 बजे तक नवनिर्मित रामस्नेही वाटिका में प्रधान पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामदयाल महाराज के मुखारविंद से सत्संग और जन कल्याण के लिए आशीर्वचन दिए जाएंगे।