केकड़ी, 08 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत विकास परिषद (भाविप) राजस्थान मध्य प्रांत की प्रांतीय महिला संयोजक कमलेश बंट बुधवार को केकड़ी प्रवास पर रही। इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण, बेटी बचाओ व सामाजिक जागरूकता के विषयों पर परिषद के सदस्यों को महत्वपूर्ण व प्रेरक संदेश दिए। उन्होंने समाज के सर्वांगीण विकास पर जोर देते हुए कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए महिला शिक्षा, आत्मनिर्भरता व संस्कारों का संवर्धन अत्यंत आवश्यक है। जब बेटियां शिक्षित होंगी तभी राष्ट्र सशक्त होगा। उनके प्रेरक उद्बोधन ने उपस्थित सदस्यों को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया।

विभिन्न विषयों पर दिया मार्गदर्शन: बंट ने परिषद के सदस्यों को बेटी पढ़ाओ–बेटी बचाओ, महिला जागरूकता एवं आत्मरक्षा, संस्कृति सप्ताह, युवा एवं बाल संस्कार, सर्वाइकल कैंसर जागरूकता, एनीमिया मुक्त भारत व कुटुम्ब प्रबोधन जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक अभियानों पर विस्तारपूर्वक मार्गदर्शन दिया। परिषद शाखा महिला संयोजक अंजू विजय ने बताया कि कमलेश बंट ने हाल ही में केकड़ी शाखा द्वारा आयोजित भारत को जानो एवं राष्ट्रीय समूहगान प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर बधाई दी तथा संगठन की एकजुटता की सराहना की।

हरियालो राजस्थान का दिया संदेश: अपने प्रवास के अंत में उन्होंने अजमेर रोड स्थित राजकीय सार्वजनिक पुस्तकालय में पौधरोपण कर “हरियालो राजस्थान” का संदेश दिया व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का आह्वान किया। कमलेश बंट के इस प्रवास ने परिषद सदस्यों में नई ऊर्जा का संचार किया व महिला सशक्तिकरण व सामाजिक चेतना को आगे बढ़ाने के संकल्प को मजबूत किया। इस अवसर पर परिषद सचिव रामनिवास जैन, अंजू विजय, आभा बेली, ममता विजय, शांता माहेश्वरी, संगीता विजय, अरुणा लोगर, राधा विजय सहित पूर्व कोषाध्यक्ष भगवान माहेश्वरी आदि उपस्थित रहे।