केकड़ी, 28 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र के विकास व बुनियादी ढांचे को मजबूती देने के लिए राज्य सरकार द्वारा पूरक बजट में करोड़ों रुपए की स्वीकृति जारी की गई है। विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुशंसा पर मिली इस सौगात से लंबे समय से क्षतिग्रस्त सड़कों व पुलियाओं का कायाकल्प होगा। मुख्यमंत्री द्वारा की गई बजट घोषणा के अनुसार अतिवृष्टि के कारण क्षतिग्रस्त हुई विभिन्न पुलियाओं व सड़कों के पुनर्निर्माण कार्यों के लिए 30 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों को जोड़ने वाली मिसिंग लिंक व नॉन पेचेबल सड़कों के निर्माण के लिए 12.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इस बजट से ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में आवागमन सुगम होगा तथा विकास कार्यों को नई गति मिलेगी।

आमजन को मिलेगी धूल व गड्ढों से मुक्ति: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा व उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जर्जर बुनियादी ढांचे को सुधारना हमारी प्राथमिकता है। जर्जर सड़कों के सुधार व नई लिंक सड़कों के निर्माण से क्षेत्र की सड़क समस्याओं का स्थाई समाधान होगा। इस बजट से आमजन को धूल व गड्ढों से मुक्ति मिलेगी तथा सुरक्षित सफर का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि स्वीकृत कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए। उन्होंने विशेष रूप से कार्यों की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया है ताकि जनता को इस बजट का पूर्ण लाभ मिल सके।


