Homeक्राइम न्यूज36 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे वृद्ध से लूट के प्रयास...

36 घंटे में सलाखों के पीछे पहुंचे वृद्ध से लूट के प्रयास व हमले के शेष दोनों आरोपी, एक को पहले ही दबोच चुकी है पुलिस

केकड़ी, 06 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भिनाय थाना पुलिस ने बुजुर्ग से लूट का प्रयास करने व चाकू से हमला कर घायल करने वाले शेष दो आरोपियों को वारदात के 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। बीती 4 अप्रैल को लामगरा निवासी 71 वर्षीय सुवालाल साधु देवलिया-चांपानेरी मुख्य सड़क पर अपनी भैंसों को पानी पिला रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए तीन बदमाशों ने उन्हें घेर लिया व गले से सोने का मांदलिया छीनने का प्रयास किया। जब बुजुर्ग ने विरोध किया तो बदमाशों ने चाकू से उन पर वार कर दिया, जिससे उनके दाहिने हाथ की कलाई पर गंभीर चोट आई।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई: जिला पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन एवं थानाधिकारी ओमप्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। तकनीकी विश्लेषण व मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। इस मामले में एक आरोपी असलम मोहम्मद को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया लेकिन दो आरोपी फरार हो गए।

पूछताछ जारी: पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद फरार चल रहे शेष दोनों आरोपियों आफताब हुसैन पुत्र सद्दीक निवासी राजनगर, बिजयनगर एवं फिरोज खान पुत्र ईमदाद अली निवासी राजनगर, बिजयनगर को दबोच लिया। इस कार्रवाई में थानाधिकारी ओमप्रकाश मीणा, एएसआई गिरधारी सिंह, कांस्टेबल मनजीत सिंह, महेश कुमार व ओम सिंह की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार पढ़िए…

RELATED ARTICLES