Site icon Aditya News Network – Kekri News

सात्विक व्यंजनों की खुशबू से महका विद्यालय परिसर, बच्चों के साथ अभिभावकों ने उठाया ‘किड्स कॉर्निवल’ का लुत्फ, ढाई दर्जन स्टॉल्स पर 150 छात्रों ने दिखाई सृजनशीलता

केकड़ी: श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्याविहार में आयोजित किड्स कॉर्निवल का शुभारंभ करते अतिथि।

केकड़ी, 24 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां सापण्दा स्थित श्री सुधासागर दिगम्बर जैन विद्या विहार सीनियर सेकंडरी स्कूल में बुधवार को बाल मेले किड्स कॉर्निवलका आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने अपनी मौलिक कल्पनाओं को मूर्त रूप देते हुए स्कूल परिसर में विभिन्न प्रकार की सृजनात्मक प्रस्तुतियां दी। मेले में कक्षा छह से बारह तक के करीब 150 छात्र-छात्राओं द्वारा अलग-अलग ग्रुपों में शामिल होकर विभिन्न प्रकार के व्यंजनों की ढाई दर्जन से अधिक दुकानें सजाई गई तथा विभिन्न प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया गया। प्रारंभ में संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया व सचिव आनन्द सोनी ने मां सरस्वती की पूजा अर्चना की एवं फीता खोलकर मेले का विधिवत् शुभारंभ किया।

सृजनशीलता की सराहना: मेले के दौरान आगंतुक अभिभावकों व शहर के गणमान्य नागरिकों ने बच्चों की सृजनशीलता की जमकर सराहना की एवं कार्यक्रमों व चटपटे व्यंजनों का भरपूर लुत्फ उठाया। बच्चों ने मेले में अपने हाथों से बनाकर लाई गई चॉकलेट, चाट-पकौड़ी, भेलपुरी, दही पपड़ी, खमन, गुजराती व्यंजन, जलजीरा, शिकंजी, फ्रूट जूस, स्वीट बॉल, फ्रूट चाट, दाल-पकवान, कचोरी, समोसे, गोलगप्पे, आइसक्रीम, सेव पूड़ी, कुल्फी, मावा केक, कोल्ड कॉफी, कुल्हड़ चाय, फ्रूट कस्टर्ड आदि विभिन्न प्रकार के चटपटे व्यंजनों की सुव्यवस्थित स्टालें लगाई। इन व्यंजनों की खास बात यह रही कि इनमें से किसी में भी आलू, प्याज व लहसुन आदि तामसिक प्रकृति की सामग्री के प्रयोग नहीं किए गए।

केकड़ी: श्री सुधासागर दिगंबर जैन विद्याविहार में आयोजित किड्स कॉर्निवल का लुत्फ उठाते बच्चे व अभिभावकगण।

उत्साहित नजर आए अभिभावक: मेले को लेकर बच्चों के साथ-साथ अभिभावकगण भी खूब उत्साहित नजर आए, जिससे स्कूल परिसर के मेला स्थल पर सुबह साढ़े दस बजे से दोपहर दो बजे तक खूब गहमागहमी रही। सभी स्टॉलों पर जमकर बिक्री हुई। अधिकतर स्टॉलों पर खाद्य सामग्रियां खत्म हो जाने से बार बार इंतज़ाम करने पड़े। मेले में बच्चों द्वारा बुद्धि व शारीरिक कौशल से जुड़े खेलों की भी कई स्टालें लगाई गई, जिन्हें खेलने के लिए भीड़ लगी रही। निदेशक अजय जैन, मेला प्रभारी प्राचार्य एस एन खंडेलवाल व उपप्रधानाचार्य कैलाशचंद शर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन श्रीनारायण शर्मा व आजाद शर्मा ने किया।

स्टॉल्स का किया अवलोकन: मेले में संस्था के अध्यक्ष संजय कटारिया, सचिव आनन्द सोनी, कमेटी सदस्य पवन गंगवाल आदि अतिथियों ने एक के बाद एक क्रमशः सभी स्टॉलों का अवलोकन किया। इस दौरान बच्चों ने उन्हें अपनी सामग्रियों व तैयार करने के तरीके के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के मेले जीवन में स्वावलंबन को अंगीकार करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि खुद के हाथ से किये गए कार्य से आत्मसंतुष्टि की अनुभूति तो होती ही है, साथ ही ये क्रियाशीलता हमारी क्षमताओं को निखारकर हमेशा सफलता का मार्ग भी प्रशस्त करती है।

Exit mobile version