Monday, July 21, 2025
Homeदेशकेकड़ी में गूंजा 'ऑपरेशन सिंदूर' का जयघोष, तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब......

केकड़ी में गूंजा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ का जयघोष, तिरंगा रैली में उमड़ा जनसैलाब… देशभक्ति के रंग में रंगा शहर, पूर्व सैनिकों का किया सम्मान…

केकड़ी, 26 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारतीय जनता पार्टी केकड़ी के तत्वावधान में सोमवार को शहर में एक भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में शामिल लोगों के जज्बे ने पूरे शहर को देशभक्ति के रंग से सराबोर कर दिया। रैली से पूर्व नगर परिषद रंगमंच पर ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की अभूतपूर्व सफलता को लेकर समारोह का आयोजन किया गया। जिसमे वक्ताओं ने भारतीय सेना के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया तथा  ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की रणनीतिक सफलता और इसमें भारतीय सेना के जवानों के शौर्य की गाथा विस्तार से सुनाई।

केकड़ी: कार्यक्रम को संबोधित करते केन्द्रीय राज्य मंत्री चौधरी एवं मंचासीन अतिथि।

ये रहे अतिथि: समारोह में अजमेर सांसद एवं केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी मुख्य अतिथि एवं भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। अध्यक्षता विधायक शत्रुघ्न गौतम ने की। कार्यक्रम की शुरुआत में अतिथियों ने पूर्व सैनिकों को दुपट्टा पहनाकर उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केन्द्रीय राज्य मंत्री भागीरथ चौधरी ने कहा कि “ऑपरेशन सिंदूर’ हमारी सेना के अदम्य साहस और शौर्य का प्रतीक है। यह दर्शाता है कि हमारे सैनिक देश की सुरक्षा के लिए किसी भी चुनौती का सामना करने को तैयार हैं।

केकड़ी: अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट करते विधायक गौतम एवं भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता।

भारतीय सेना पर गर्व: विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि हमें अपनी भारतीय सेना पर गर्व है, जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसी जटिल चुनौती को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। यह हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण है। हमारे जवानों की बहादुरी और रणनीति ने यह साबित कर दिया कि देश की सुरक्षा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। यह सफलता देश के दुश्मनों के लिए स्पष्ट संदेश है। भाजपा देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया है। यह जीत हमारे वीर जवानों के बलिदान और दृढ़ संकल्प का परिणाम है।

केकड़ी: तिरंगा यात्रा के अवसर पर पूर्व सैनिकों का सम्मान करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

ये रहे मौजूद: इस मौके पर पंचायत समिति प्रधान होनहार सिंह राठौड़, अजमेर सीसीबी अध्यक्ष मदन गोपाल चौधरी, शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, पूर्व विधायक गोपाल धोबी, भाजपा नेता राजेंद्र विनायका, देहात महामंत्री रायचंद बागड़ी, जिला उपाध्यक्ष सत्यनारायण चौधरी, जिला मंत्री रामकिशन गुर्जर, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, सेवानिवृत्त अतिरि​क्त पुलिस अधीक्षक जसवंत सिंह डोराई, पूर्व सैनिक कर्नल दुर्गा लाल रेगर, पूर्व सैनिक कालूराम माली व पूर्व सैनिक सूबेदार चैन सिंह राठौड़ सहित कई पूर्व सैनिक, प्रमुख भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे। संचालन सुरेंद्र जोशी ने किया।

केकड़ी: तिरंगा यात्रा का नेतृत्व करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

पुष्पवर्षा से किया स्वागत: नगर परिषद से प्रारंभ हुई यह तिरंगा यात्रा तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, सरसड़ी गेट और बस स्टैंड से होते हुए पुनः नगर परिषद पर समाप्त हुई। यात्रा के दौरान नगर वासियों ने पुष्पवर्षा कर इसका जोरदार अभिनंदन किया। तिरंगा यात्रा में शामिल लोगों ने हाथों में तिरंगे थाम रखे थे और डीजे पर राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीत बज रहे थे, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के रंग में रंग गया।

केकड़ी: कार्यक्रम में मौजूद महिला—पुरूष।

चहुंओर गूंजा जय हिन्द का नारा: तिरंगा यात्रा के दौरान पूरा शहर ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम’ व ‘जय हिंद’ के नारों से गूंज उठा। इस भव्य तिरंगा यात्रा में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता, विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थी, पूर्व सैनिक, आमजन एवं बड़ी संख्या मुस्लिम समाज के लोग शामिल हुए। विशेष रूप से युवतियां व महिलाएं भी इस देशभक्ति के प्रदर्शन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेती नजर आई। भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

RELATED ARTICLES