Thursday, February 26, 2026
Homeक्राइम न्यूजटैंकर चालक की सूझबूझ से टली रोंग साइड आई रोडवेज बस व...

टैंकर चालक की सूझबूझ से टली रोंग साइड आई रोडवेज बस व टैंकर की भिड़ंत; 20 हजार लीटर ईंधन होने से था बड़ा खतरा, लोगों ने ली राहत की सांस

केकड़ी, 26 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड पर गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। पेट्रोलियम पदार्थ से भरे एक टैंकर व रोडवेज बस के बीच सीधी भिड़ंत की स्थिति बन गई, लेकिन टैंकर चालक की सूझबूझ व त्वरित निर्णय ने एक बड़े विस्फोट व जनहानि को टाल दिया। गनीमत यह रही कि इस दौरान कोई बड़ी अनहोनी नहीं हुई, अन्यथा पेट्रोल-डीजल से भरे टैंकर में आग लगने की स्थिति में बड़ा हादसा घटित हो सकता था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे पुलिस प्रशासन ने फायर ब्रिगेड को भी तुरंत मौके पर बुला लिया। ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटने में आसानी रहे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।

केकड़ी: हादसे के बाद मौके पर मौजूद दमकल।

गलत दिशा में बस मोड़ने से पैदा हुई स्थिति: प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेर से कोटा की ओर जा रहे टैंकर में 10 हजार लीटर पेट्रोल व 10 हजार लीटर डीजल भरा हुआ था। कर्मावती सर्किल के पास रोडवेज बस चालक ने डिपो की ओर जाने के लिए सर्किल का चक्कर लगाने के बजाय बस को गलत दिशा से मोड़ दिया। सर्किल की मूर्ति के कारण टैंकर चालक को बस दिखाई नदी दी। अचानक सामने आई बस को देख चालक ने आपा खोने के बजाय सूझबूझ दिखाई व टैंकर को सड़क से नीचे उतार दिया।

दीवार से टकराया टैंकर, पोल में हुई स्पार्किंग: सड़क से नीचे उतरने के बाद टैंकर कॉलेज की दीवार को क्षतिग्रस्त करते हुए रुक गया। इस दौरान टैंकर बिजली के पोल से भी टकराया, जिससे तारों में जोरदार स्पार्किंग हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उस समय टैंकर में आग लगने का भारी खतरा पैदा हो गया था, लेकिन चालक की सूझबूझ ने टैंकर को बस से भिड़ने से बचा लिया। बस में कोई सवारी नहीं होने से भी बड़ा हादसा टल गया। सूचना मिलते ही सिटी व सदर थाना पुलिस के साथ नगरपालिका की फायर ब्रिगेड भी तुरंत मौके पर पहुंची। आग लगने की आशंका को देखते हुए फायर कर्मियों को अलर्ट मोड पर रखा गया। 

केकड़ी: हादसे के बाद मौके पर मौजूद क्रेन।

मौके पर पहुंची पुलिस व दमकल: पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से सड़क की एक साइड को तुरंत बंद करवाया व यातायात सुचारू करने के लिए दो क्रेनों की सहायता से टैंकर व बस को मौके से हटवाने की कार्रवाई शुरू की। स्थानीय नागरिकों ने टैंकर चालक की सराहना की, जिसने अपनी जान जोखिम में डालकर टैंकर को मोड़ दिया व भीषण अग्निकांड को होने से रोक लिया। टैंकर चालक हरचंद गोचर ने बताया कि वह अजमेर से सांगोद कोटा के लिए जा रहा था। रोडवेज बस चालक ने रोंग साइड से बस को घुसा दी। अचानक सामने बस को देखकर उसने रोड से काफी नीचे टेंकर को उतार लिया। इसके बाद काॅलेज की दीवार के टकराकर टैंकर रूक गया।

RELATED ARTICLES