Site icon Aditya News Network – Kekri News

नगर पालिका में गबन का मामला: पौने दो साल से फरार चल रहा तत्कालीन कैशियर गिरफ्तार, आदित्य न्यूज नेटवर्क ने किया था मामला उजागर

प्रतीकात्मक फोटो

केकड़ी, 21 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जिला स्पेशल टीम व सरवाड़ थाना पुलिस ने संयुक्त कार्यवाही करते हुए नगर पालिका में सरकारी राशि के गबन मामले में लंबे समय से फरार चल रहे पांच हजार रुपए के इनामी अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह पूरा प्रकरण आदित्य न्यूज नेटवर्क द्वारा प्रमुखता से उजागर किए जाने के बाद ही प्रकाश में आया था। विदित रहे कि गत 28 जून 2024 को आदित्य न्यूज नेटवर्क ने ‘सरवाड़ नगर पालिका में लाखों का घोटाला, ठेकेदार के नाम जारी भुगतान किसी ओर के खाते में हुए जमा, अफसर अनजान’ शीर्षक से समाचार प्रकाशित कर मामले को प्रमुखता से उठाया था। इस खबर के प्रकाशन के बाद विभाग में हड़कंप मच गया व उच्चाधिकारियों के निर्देश पर दस्तावेजों की गहन जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान हुई पुष्टि: जांच के दौरान पुष्टि हुई कि कनिष्ठ सहायक (तत्कालीन कैशियर) गोपाल माली ने फर्जी हस्ताक्षर व कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से नगरपालिका के खाते से 11,32,709 रुपए की भारी-भरकम राशि अपने निजी बैंक खाते में ट्रांसफर कर गबन की है। आदित्य न्यूज नेटवर्क की रिपोर्ट के आधार पर ही ईओ राघवसिंह मीणा ने आरोपी के विरुद्ध धारा 409, 467, 468 व 471 के तहत मामला दर्ज करवाया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से ही आरोपी गोपाल माली अपनी पहचान छिपाकर जयपुर, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर व पाली जैसे शहरों में फरारी काट रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला द्वारा 5000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मील व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के निकटतम सुपरविजन में आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम का गठन किया गया था।

मुखबिर से मिली सूचना: शनिवार को मुखबिर के जरिए सूचना मिली कि इनामी अपराधी गोपाल माली सरवाड़ आया हुआ है। सूचना पुख्ता होने पर जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत व सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने तुरंत दबिश देकर आरोपी को उसके घर से ही दबोच लिया। इस महत्वपूर्ण सफलता में जिला स्पेशल टीम प्रभारी शंकर सिंह रावत व कांस्टेबल रामनिवास का विशेष योगदान रहा। टीम में सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा, कांस्टेबल शुभकरण, दातार सिंह व जिला स्पेशल टीम के कांस्टेबल सुरेश, कालूराम, राजेश व ईश्वर शामिल रहे। पुलिस अब आरोपी से गबन की गई राशि की बरामदगी व अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।

संबंधित समाचार भी पढ़िए

Exit mobile version