केकड़ी, 21 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के संदर्भ में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम (SIR) के तहत शनिवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। इस अवसर पर आयोजित बैठक में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एसडीएम) दीपांशु सांगवान ने राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को अद्यतन आंकड़ों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के सभी 322 मतदान केंद्रों की सूचियों के अंतिम प्रकाशन के बाद अब कुल मतदाताओं की संख्या 2,51,442 हो गई है। इसमें 1,29,152 पुरुष, 1,22,289 महिला व 1 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल है। गौरतलब है कि 16 दिसंबर 2025 को प्रारूप प्रकाशन के समय मतदाताओं की कुल संख्या 2,47,100 थी। पुनरीक्षण कार्यक्रम के दौरान 16 दिसंबर 2025 से 20 जनवरी 2026 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की गईं।

अपील का प्रावधान: इस प्रक्रिया के तहत 5,278 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए तथा 936 मतदाताओं के नाम सूची से विलोपित किए गए। एसडीएम सांगवान ने बताया कि निर्वाचक नामावली की प्रविष्टियों के संबंध में यदि किसी को आपत्ति हो तो वे निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध 15 दिवस के भीतर जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रथम अपील कर सकते हैं। जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट न होने पर 30 दिवस के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान को द्वितीय अपील प्रस्तुत करने का प्रावधान है। इस मौके पर राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से लक्ष्मण वैष्णव, कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष श्याम लाल बैरवा, भाजपा शहर मंडल अध्यक्ष रितेश जैन, बावन माता मंडल अध्यक्ष राजवीर हावा, बसपा से रंगलाल बैरवा सहित नवल किशोर पारीक, कालूराम बैरवा व बनवारी लाल बैरवा आदि प्रतिनिधि उपस्थित रहे।


