Site icon Aditya News Network – Kekri News

पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला मौसम का मिजाज; बारिश व ठंडक बढ़ने से फसलों को मिला जीवनदान

केकड़ी: बारिश के बीच गुजरते वाहन।

केकड़ी, 27 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया। सुबह से ही आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन शाम करीब 4 बजे अचानक मौसम ने करवट ली व तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर शुरू हो गया। क्षेत्र में करीब आधे घंटे तक कभी हल्की तो कभी तेज बारिश हुई, जिससे निचले इलाकों व प्रमुख सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है व चारों ओर कोहरे की चादर छा गई।

फसलों के लिए अमृत है मावठ: मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी घना कोहरा छाए रहने व हल्की बारिश की संभावना जताई है। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश रबी की फसलों के लिए काफी फायदेमंद साबित होगी। सरसों की फसल में लगने वाले मोयला व अन्य कीटों के प्रकोप में इस बारिश से कमी आएगी। साथ ही गेहूं, चना व जौ की फसलों को भी इससे अच्छा लाभ मिलेगा। हालांकि किसानों ने ओलावृष्टि की आशंका को लेकर चिंता भी जताई है, क्योंकि ओले गिरने से फसलों को भारी नुकसान हो सकता है।

Exit mobile version