केकड़ी, 4 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर थाना इलाके के बिसुन्दनी गांव में निर्माणाधीन मकान की तराई के दौरान 11 केवी हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से विधवा महिला व उसकी बेटी दामाद की मौत हो गई। हादसे में महिला की एक अन्य बेटी गंभीर रूप से झुलस गई। हादसा बुधवार सुबह करीब 7 बजे हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार बिसुन्दनी गांव निवासी प्रेमी (60) के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था।

हाई वोल्टेज लाइन की चपेट में आने से हुआ हादसा: निर्माण कार्य में मदद के लिए उनकी बेटी और दामाद भी आए हुए थे। बुधवार सुबह तराई के दौरान प्रेमदेवी, बेटी माया देवी (45), दामाद कंवरलाल (50) निवासी कादेड़ा (केकड़ी) व एक अन्य बेटी तारा देवी (22) मकान के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन से करंट की चपेट में आ गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। करंट की चपेट में आने से चारों बुरी तरह झुलस गए।

मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू की जांच: स्थानीय लोगों ने सभी को सावर के राजकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्रेमदेवी, माया देवी व कंवरलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं तारा देवी का गंभीर हालत में इलाज जारी है। सूचना मिलने पर सावर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि देवी के पति लादूराम की पहले ही मृत्यु हो चुकी है और उनके पांच बेटियां ही है। बेटियां और जवाई मकान निर्माण में मदद करने के लिए आए थे।