Saturday, February 7, 2026
Homeक्राइम न्यूजहाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की...

हाईवे पर दर्दनाक हादसा: ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मजदूरी कर लौट रहा था घर

केकड़ी, 07 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा राजमार्ग पर शुक्रवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे ने एक परिवार का चिराग बुझा दिया। कोहड़ा पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार आलोली निवासी शंकर लाल कुमावत (37) पुत्र उदा कुमावत शुक्रवार शाम को शहर से मजदूरी कर अपनी बाइक से वापस गांव लौट रहा था। इसी दौरान कोहड़ा पेट्रोल पंप के समीप एक अनियंत्रित व तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि शंकर लाल गंभीर रूप से घायल हो गया।

राहगीरों ने दी सूचना: राहगीरों की सूचना पर 108 एम्बुलेंस के चालक धनराज सैनी व ईएमटी फिरोज खान ने घायल युवक को तुरंत राजकीय जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित क​र दिया। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस के एएसआई श्योजीलाल ने अस्पताल व घटनास्थल का जायजा लिया तथा शव को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने शनिवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। मृतक के परिजनों द्वारा दी गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने लापरवाह ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES