केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी सदर थाना पुलिस ने अवैध खनन की शिकायत पर गत रात को गुलगांव के पास खारी नदी के निकट ट्रेलर में रखी एलएनटी मशीन, ट्रेलर व दो ट्रैक्टर जब्त किए, लेकिन बाद में पुलिस ने जब्त वाहनों को नदी क्षेत्र में खड़ा नहीं होने की बात कहकर छोड़ दिया। हालांकि पुलिस ने जबत वाहनों पर एमवी एक्ट के तहत जुर्माना अधिरोपित किया है। पुलिस का कहना है कि पकड़े गए वाहनों की अवैध खनन में संलिपतत्ता नही पाई गई है। सभी वाहन नदी से बाहर खड़े मिले थे।
चर्चाओं का रहा जोर जानकारी के अनुसार गत रात को सदर थाना पुलिस अवैध खनन की शिकायत पर गुलगांव के पास खारी नदी पहुंची। जहां पर ट्रेलर में रखी एलएनटी मशीन सहित ट्रेलर व दो ट्रैक्टर मिले। थानाधिकारी भंवरलाल ने बताया कि कागजात के अभाव में वाहनों को एमवी एक्ट में पकड़कर सदर पुलिस थाने ले आए। जिन्हें गुरुवार को कागजी कार्रवाई के बाद छोड़ दिया गया। हालांकि पुलिस के द्वारा वाहन जब्त करने व बाद में छोड़ने की दिनभर चर्चा बनी रही।

इनका कहना है पकड़े गए वाहन नदी में नही घुसे थे। अवैध खनन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मुखबिर की इतला पर कार्रवाई की गई। दो ट्रैक्टर बिना ट्राॅली एवं ट्रेलर में भरी एलएनटी पकड़ी है। खनन का मामला नही था। कागजात नही होने पर वाहन जब्त किए थे। वाहनों को एमवी एक्ट में पकड़ा गया था। आवश्यक कानूनी कार्यवाही करने के बाद उन्हें छोड़ दिया गया है। भंवरलाल, थानाधिकारी, सदर थाना पुलिस केकड़ी
खारी नदी में चल रहा है अवैध खनन सूत्रों के अनुसार खारी नदी में इन दिनों अवैध खनन किया जा रहा है। लेकिन खनिज विभाग अवैध खनन को लेकर सतर्क नहीं है। जिसके चलते अवैध खननकर्ताओं के हौंसले बुलंद हैं और वे बेरोकटोक धड़ल्ले से अवैध खनन कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार एलएनटी, जेसीबी मशीन के जरिए नदी क्षेत्र में फेल्सपार, क्वार्टज व माइका का अवैध खनन किया जाता है। रात के अंधेरे में खनन माफिया नदी क्षेत्र में अवैध खनन कर खनिज पत्थर निकालते है।
आंख मूंद कर बैठे है जिम्मेदार बताया जाता है कि माफियाओं द्वारा पास में ही क्वार्टज का भंडारण भी किया गया है। लेकिन यह सब खनिज विभाग के अधिकारियों को दिखाई नहीं देता। गत रात को भी दो ट्रैक्टर की मदद से नदी में स्थित गड्ढ़े से पानी खाली कर खनन किया जाना था। लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने वाहनों को पकड़ लिया। सूत्रों ने बताया कि यहां पर कीमती खनिज पदार्थ है। जिसकी वजह से खनन माफियाओं की नजर है। हालांकि पुलिस ने वाहनों को खनन में संलिपतत्ता नही होने की बात कहकर छोड़ दिया है।