केकड़ी, 10 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सावर रोड स्थित स्पा पार्लर पर गत दिनों महिलाओं के साथ हुई बेरहमी से मारपीट के मामले में शहर थाना पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि पुलिस ने बड़ा गुवाड़ा निवासी मनोज जाट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन के रिमांड पर सौंपा गया है। इसी प्रकार पुलिस ने उगानखेड़ा निवासी रामस्वरूप जाट को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे दो दिन के पुलिस रिमांड पर सौंपा गया है। थानाधिकारी के अनुसार मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

क्या है मामला गौरतलब है कि 5 सितम्बर को रात में स्पा पार्लर पर मसाज करने से मना करने पर कुछ लोगों ने पार्लर संचालिका समेत वहां काम करने वाली युवतियों के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। इसमें एक युवती की आंख बुरी तरह जख्मी हो गई तथा एक गर्भवती युवती भी घायल हो गई। पार्लर संचालिका की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले में पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि नामजद व अन्य आरोपी अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं।