केकड़ी, 06 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना क्षेत्र के सूपां गांव में एक सनसनीखेज वारदात में दो सगे भाइयों पर चाकू से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार सुबह करीब 9:00 बजे की है, जब दोनों भाई अपने मोहल्ले में मजदूरी के लिए जा रहे थे। अचानक हुए इस हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूपां निवासी पीड़ित सांवरलाल रेगर व कैलाश रेगर पुत्र रामकरण ने बताया कि जब वे काम पर जा रहे थे, तभी गांव के ही निवासी चंद्र प्रकाश उर्फ पोलू ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपी ने पहले उनके साथ गाली-गलौज की व फिर अचानक चाकू निकालकर उन पर हमला कर दिया। हमले में सांवरलाल के दाहिने हाथ के पंजे पर चाकू फंस गया, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वहीं कैलाश के बाएं कंधे पर चोट आई है।
दर्ज किए घायलों के बयान: घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने राजकीय जिला चिकित्सालय पहुंचकर घायलों के बयान लिए व मेडिकल मुआयना करवाया। सांवरलाल की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए अजमेर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार घायलों ने अभी इलाज में व्यस्त होने के कारण लिखित रिपोर्ट नहीं दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट प्राप्त होते ही मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था बनी हुई है व पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

