केकड़ी, 11 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): नापाखेड़ा गांव में दो अलग-अलग सड़क हादसों में हुई दो युवाओं की मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। इन दुखद घटनाओं के कारण प्रभावित मोहल्लों में शुक्रवार शाम चूल्हे तक नहीं जले। ग्रामीणों व परिजनों में इस हृदयविदारक समाचार के बाद गहरा सन्नाटा पसरा हुआ है। भोज से लौटते समय हुआ हादसा: प्राप्त जानकारी के अनुसार गोवर्धन मीणा व भरतसिंह मीणा गुरुवार को एक रिश्तेदार के यहां आयोजित भोज कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम से लौटते समय मेहरूकला गाँव के पास उनकी बाइक एक अन्य वाहन की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों युवा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया गया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण भरतसिंह मीणा को अजमेर के जवाहर लाल नेहरू अस्पताल रेफर किया गया, जहां शुक्रवार देर शाम उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं गोवर्धन मीणा का इलाज वर्तमान में देवली में चल रहा है।

पांच महीने के संघर्ष के बाद मौत: एक अन्य दुखद मामले में बुधराज मीणा जो करीब पांच माह पहले मकान की पुताई का सामान लेकर लौटते समय छापर वाली नाड़ी के पास दुर्घटना का शिकार हुए थे, उनका भी शुक्रवार को निधन हो गया। बुधराज पिछले पांच महीनों से कोमा में थे व जीवन के लिए संघर्ष कर रहे थे। एक ही दिन में दो युवाओं की मौत की खबर से बुजुर्गों व युवाओं में गहरा सदमा है। बुधराज मीणा का शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद अंतिम संस्कार किया गया, जबकि भरतसिंह मीणा का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर को संपन्न हुआ। इस कठिन समय में पूरे क्षेत्र के ग्रामीण शोक संतप्त परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।


