केकड़ी, 13 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): बार एसोसिएशन केकड़ी के निवर्तमान अध्यक्ष मनोज आहूजा व उनकी कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने पर अधिवक्ताओं ने उनका माल्यार्पण व साफा बंधवाकर स्वागत किया। वक्ताओं ने इस कार्यकाल को न केवल ऐतिहासिक बताया बल्कि स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किए जाने की बात कही। पूर्व अध्यक्ष रामावतार मीणा, वरिष्ठ अधिवक्ता नवल किशोर पारीक, पूर्व अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि आहूजा के नेतृत्व में बार एसोसिएशन ने अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं, जिसने केकड़ी बार को प्रदेश स्तर पर एक आदर्श संस्था के रूप में स्थापित किया है। यह कार्यकाल विकास, संघर्ष, उपलब्धियों व संगठनात्मक एकता का एक बेमिसाल उदाहरण है। जो आने वाली कार्यकारिणियों के लिए उच्च मानदंड स्थापित करेगा।
प्रमुख उपलब्धियां: अधिवक्ताओं ने बताया कि आहूजा के प्रयासों से नवीन न्यायालय भवन के निर्माण के लिए 25 बीघा भूमि का आवंटन हुआ। वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए आरएए कैंप कोर्ट का संचालन शुरू कराया गया। राज्य सरकार के बजट में एससी/एसटी न्यायालय की घोषणा इस कार्यकाल की बड़ी सफलता रही। न्यायालय परिसर में विभिन्न विकास कार्यों के लिए लगभग पौने तीन करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत हुई। विधायक शत्रुघ्न गौतम द्वारा न्यायालय परिसर में डोम निर्माण के लिए 30 लाख रुपए की घोषणा की गई। इसी के साथ बार भवन का सौंदर्यीकरण व कैंटीन निर्माण कार्य पूरा कराया गया। बार एसोसिएशन की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया गया।
ये कार्य भी हुए: सुप्रीम कोर्ट की तर्ज पर अधिवक्ताओं को आईडी कार्ड वितरित किए गए तथा डायरेक्टरी का प्रकाशन किया गया। न्यायिक परिवार के प्रत्येक सदस्य का सामूहिक जन्मदिन मनाने की नई परंपरा की शुरुआत हुई। वरिष्ठ अधिवक्ता अब्दुल सलीम गौरी ने कहा कि केकड़ी को पुनः जिला बनाओ आंदोलन को अध्यक्ष मनोज आहूजा के नेतृत्व में जन आंदोलन का स्वरूप दिया गया। इस कार्यकाल में उपाध्यक्ष शिवप्रसाद पाराशर, महासचिव मुकेश शर्मा, वित्त सचिव रामेश्वर कुमावत, सांस्कृतिक सचिव सचिन राव, पुस्तकालध्यक्ष इमदाद अली, कार्यकारिणी सदस्य रेहान नकवी, आदिल कुरैशी, नंदलाल बैरवा व रविन्द्र मेवाड़ा सहित पूरी कार्यकारिणी ने सराहनीय योगदान दिया।

