Site icon Aditya News Network – Kekri News

तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा, 8 मार्च को भगवान भोलेनाथ का किया जाएगा महाअभिषेक

केकड़ी: तीन दिवसीय प्रतिष्ठा महोतसव के तहत कलश यात्रा निकालती महिलाएं एवं देव प्रतिमाओं को लेकर चल रहे समिति के पदाधिकारी।

केकड़ी, 06 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड़ पर भाग्योदय नगर स्थित श्री भाग्योदयेश्वर महादेव मंदिर में भगवान श्रीराम, जानकी व हनुमान प्रतिमाओं के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के तहत बुधवार को कलश यात्रा निकली गई। कलश यात्रा संयोजिका हेमलता जांगिड़ ने बताया कि कार्यक्रम के तहत 151 महिलाओं द्वारा कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा अजमेर रोड स्थित विद्युतेश्वर महादेव मन्दिर से पंडिताचार्य रामचरण महाराज के द्वारा विधि विधान के साथ मंत्रोच्चारण व पूजा पाठ के बाद प्रारंभ हुई। कलश यात्रा अजमेर रोड से रिलायंस ट्रेड, शास्त्रीनगर, राणावत फ्लोर मिल्स होते हुए आयोजन स्थल भाग्योदय नगर स्थित श्री भाग्योदेश्वर महादेव मंदिर पहुंची।

पंडितों ने किया मंत्रोच्चार कलश यात्रा में समिति के पदाधिकारी मंदिर में प्रतिष्ठित की जाने वाली श्रीराम, जानकी और हनुमान की प्रतिमाओं को सिर पर धारण कर चल रहे थे। महिलाएं बैंड बाजों के साथ नाचती गाती चल रही थी। कलश यात्रा के समापन के पंडिताचार्य रामचरण शास्त्री के निर्देशन में विद्वान पंडितो द्वारा धार्मिक विधि विधान से मण्डप पूजा, मूर्ति संस्कार, हवन के साथ देव प्रतिमाओं का शुद्धिकरण संस्कार प्रारंभ करवाया। मूर्ति शुद्धिकरण पूजन में यजमान के रूप में मंदिर समिति से जुड़े युवा बलवंत सिंह, अशोक जांगिड़, राजेश जांगिड़ और मोहित मीणा सपत्नीक जोड़े सहित पूजन में बैठे।

गुरुवार रात्रि को होगी भजन संध्या मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर विजयवर्गीय ने बताया कि गुरुवार को प्रातः 9. 15 बजे से मूर्ति संस्कार व अधिवास, मण्डप पूजा व हवन पूजन का कार्यक्रम‌ होगा। महाशिवरात्रि की पूर्व संध्या पर गुरुवार को रात्रि 8.15 बजे से मंदिर परिसर में विशाल भजन संध्या आयोजित होगी। जिसमें भजन सम्राट किशोर पोपटानी एण्ड पार्टी द्वारा मधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। महाशिवरात्रि पर 8 मार्च को प्रातः सवा आठ बजे से भगवान भोलेनाथ का महाअभिषेक किया जाएगा।‌‌ श्रीराम जानकी व हनुमान प्रतिमाओं को मंदिर में विधि विधान के साथ विद्वान पंडितों के मंत्रोच्चारण के साथ प्रतिष्ठित किया जाएगा।

Exit mobile version