केकड़ी, 25 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर-कोटा स्टेट हाईवे पर गोयला गांव के पास पाइप लाइन के गड्ढे में मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में 48 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। मृतका की शिनाख्त के लिए पुलिस ने हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अब तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है। सरवाड़ थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने बताया कि महिला की शिनाख्तगी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। हुलिए के आधार पर सरवाड़ व अजमेर दरगाह क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की गई तथा लोगों से पूछताछ की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा।

डीएनए (DNA) सैंपल रखवाएंगे सुरक्षित: थानाधिकारी के अनुसार जिला व प्रदेश के विभिन्न थानों में पिछले दिनों दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। यदि शुक्रवार तक भी महिला की पहचान नहीं हो पाती है, तो मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की कार्रवाई करवाई जाएगी। भविष्य में पहचान की किसी भी संभावना को देखते हुए पुलिस मृतका का डीएनए (DNA) सैंपल सुरक्षित रखवाएगी। इसके पश्चात नियमानुसार शव का अंतिम संस्कार करवा दिया जाएगा।

पहचान की अपील: थानाधिकारी रामपाल शर्मा ने अपील की है कि यदि किसी को नीचे दिए गए हुलिए वाली महिला के बारे में कोई जानकारी मिले, तो कृपया तुरंत सरवाड़ थाना पुलिस या नजदीकी पुलिस थाने में सूचित करें। पुलिस के अनुसार महिला की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष है। महिला ने सलवार सूट पहन रखा है। दाएं हाथ में लाल रंग की चूड़ियां, बाएं हाथ में घड़ी व लच्छा (कलावा) बंधा हुआ है। साथ ही महिला ने पैरों में पायजेब व नाक में लौंग पहनी हुई है।
विस्तृत डिटेल के लिए संबंधित समाचार पढ़िए…

