Site icon Aditya News Network – Kekri News

उर्वशी जैन बनी सरवाड़ नगर पालिका की नई अध्यक्ष, छगन कंवर राठौड के निलंबन के बाद पांच दिन से चल रही अटकलों का हुआ पटाक्षेप

केकड़ी: उर्वशी जैन, नवनियुक्त अध्यक्ष, नगर पालिका, सरवाड़

केकड़ी, 05 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग ने केकड़ी जिले की सरवाड़ नगर पालिका में अध्यक्ष पद के लिए आदेश जारी करते हुए पालिका की पार्षद उर्वशी जैन को अध्यक्ष नियुक्त किया है। आदेश के अनुसार यह नियुक्ति दो माह के लिए की गई है, जो राज्य सरकार के अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। स्वायत्त शासन विभाग ने गत शनिवार को एक आदेश जारी कर नियम विरुद्ध तरीके से एक बेशकीमती भूखण्ड का फ्री होल्ड पट्टा जारी करने के मामले में दोषी मानते हुए सरवाड़ पालिका की अध्यक्ष छगन कंवर राठौड़ को पद व सदस्यता से निलंबित कर दिया था।

लग रहे थे कई कयास इसके बाद से ही राजनैतिक हलकों में अटकलों का बाजार गर्म हो गया था। नए अध्यक्ष को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जाने लगे। सरवाड़ नगर पालिका का अध्यक्ष का पद अनारक्षित वर्ग में महिला श्रेणी के लिए निर्धारित है। इस लिहाज से यहां अध्यक्ष पद के लिए सरवाड़ के वार्ड नम्बर 8 की पार्षद शारदा देवी माली व वार्ड नम्बर 18 की पार्षद उर्वशी जैन की दावेदारी सामने आई। गुरुवार को स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक एवं विशिष्ट सचिव कुमार पाल गौतम ने राजस्थान नगरपालिका अधिनियम 2009 की धारा 50 (1) (4) (क) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए सरवाड़ की वार्ड नम्बर 18 की महिला पार्षद उर्वशी जैन को सरवाड़ नगर पालिका के अध्यक्ष पद पर नियुक्त कर दिया।

पालिका बोर्ड की वर्तमान स्थिति सरवाड़ नगर पालिका में कांग्रेस का बोर्ड काबिज है। यहां कस्बे के 25 वार्ड में कांग्रेस के 15, भाजपा के 8 तथा दो पार्षद निर्दलीय चुने गए। बाद में दोनों निर्दलीयों द्वारा कांग्रेस को समर्थन देने से कांग्रेस के पास 17 पार्षदों का बहुमत है। वर्तमान कांग्रेस बोर्ड का कार्यकाल 13 माह का और शेष बचा है। जनवरी 2026 में सरवाड़ नगर पालिका के चुनाव प्रस्तावित है। संपूर्ण राज्य में सभी नगर पालिकाओं के चुनाव एक साथ कराए जाने की स्थिति में कार्यकाल घट-बढ़ भी सकता है।

भाजपा खेमे में खुशी की लहर उर्वशी जैन की नियुक्ति के साथ ही भाजपा खेमे में उत्साह का माहौल देखा गया। पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने इसे सरवाड़ के विकास और स्वच्छ प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। उर्वशी जैन के आदेश जारी होने के तुरंत बाद समर्थकों ने सरवाड़ में जश्न मनाया और विधायक शत्रुघ्न गौतम का आभार जताते हुए नव नियुक्त पालिकाध्यक्ष उर्वशी जैन को शुभकामनाएं दी।

संबंधित समाचार पढ़िए…

सरवाड़ नगर पालिका अध्यक्ष राठौड़ एवं कांग्रेस पार्षद तंवर निलंबित, नियम विरुद्ध तरीके से बेशकीमती भूमि के फ्री होल्ड पट्टे जारी करने का है मामला

सरवाड़ पालिकाध्यक्ष पर लटकी निलंबन की तलवार, नियम विरुद्ध पट्टा जारी करने पर डीएलबी ने नोटिस देकर मांगा जवाब

Exit mobile version