Wednesday, June 18, 2025
Homeराजनीतिविश्व पर्यावरण दिवस पर केकड़ी में 'वंदे गंगा' अभियान का आगाज, विधायक...

विश्व पर्यावरण दिवस पर केकड़ी में ‘वंदे गंगा’ अभियान का आगाज, विधायक शत्रुघ्न गौतम ने दिलाई जल संरक्षण व प्लास्टिक मुक्त जीवन की शपथ

केकड़ी, 05 जून (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विश्व पर्यावरण दिवस पर गुरुवार को केकड़ी में वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान की शुरुआत हुई। अभियान के तहत केकड़ी शहरी क्षेत्र में कोर्ट परिसर स्थित सतरंगी बावड़ी व घण्टाघर स्थित पोपसिंह कुआं एवं लसाड़िया स्थित करणी सागर तालाब में साफ सफाई का कार्यक्रम चलाया जाएगा। यह अभियान 5 जून से 20 जून तक चलेगा। अभियान की शुरुआत विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कोर्ट परिसर स्थित सतरंगी बावड़ी की साफ-सफाई से की। इसके बाद उन्होंने यहां पीपल का पौधा लगाया तथा पूजा अर्चना की। उन्होंने अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों व आमजन को वन्दे गंगा जल संरक्षण महाअभियान की शपथ दिलाई तथा कपड़े के थैलों का विमोचन किया।

केकड़ी: वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत घण्टाघर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

जल ही जीवन है: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि जल ही जीवन है। आज जब हम जलवायु परिवर्तन व जल संकट जैसी वैश्विक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं, तब जल के प्रत्येक बूंद का महत्व और भी बढ़ जाता है। हमें अपने वर्षा जल का संचयन करना होगा, भूजल स्तर को बढ़ाना होगा व पानी के अपव्यय को रोकना होगा। हर व्यक्ति को यह समझना होगा कि प्लास्टिक जैसी वस्तुएं न केवल हमारे पर्यावरण को प्रदूषित करती हैं, बल्कि इनके कारण गंभीर बीमारियां भी पनपती है। प्लास्टिक हमारी नदियों को व हमारी मिट्टी को बंजर बना रहा है। यह मानव स्वास्थ्य के लिए एक बड़ा खतरा है। इसलिए प्लास्टिक के उपयोग को न्यूनतम करना और उसके सही निपटान पर ध्यान देना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

महिलाओं ने निकाली कलश यात्रा: इस मौके पर अतिरिक्त जिला कलक्टर चन्द्रशेखर भण्डारी ने भी विचार व्यक्त किए। बाद में कोर्ट परिसर से घण्टाघर स्थित निर्मलेश्वर महादेव मंदिर तक कलश यात्रा निकाली गई। कलश यात्रा के घण्टाघर पहुंचने पर गौतम ने मोटर का बटन दबाकर कुएं की सफाई का शुरू करवाया। इस मौके पर उपखण्ड अधिकारी सुभाष चन्द्र हेमानी, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू, आयुक्त मनोज कुमार मीणा, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र चौधरी, भाजपा शहर मण्डल अध्यक्ष रितेश जैन, बावनमाता मण्डल अध्यक्ष राजवीर हावा सहित अन्य मौजूद रहे। संचालन सुरेन्द्र जोशी ने किया।

केकड़ी: वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत घण्टाघर पर आयोजित कार्यक्रम में मौजूद आमजन।

अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रम: नगर परिषद आयुक्त मनोज कुमार मीणा ने बताया कि वन्दे गंगा जल संरक्षण महाअभियान के तहत 5 जून को सायं 7.30 बजे मीर बावडी, घंटाघर का कुआं, उपखण्ड कार्यालय बावडी व छोटा तालाब के समक्ष दीप प्रज्जवलन, 6 जून को छोटा तालाब परिसर में रंगोली, 7 से 11 जून तक शहरी रोजगार गांरटी योजना के तहत परम्परागत जल स्त्रोतो के पास वृक्षारोपण के लिए गड्डे खोदने व श्रमदान, 12 जून को महापुरुषों की प्रतिमाओं की साफ सफाई, सरकारी कार्यालयों में स्थित आरटीडब्ल्यू एचएस व पानी की टंकियों की साफ सफाई करवाई जाएगी।

परम्परागत जल स्त्रोतों की लेंगे सुध: इसी प्रकार 13 से 15 जून तक परम्परागत जल स्त्रोत माछोलाव तालाब, केशोलाव तालाब व दण्ड की नाडी में जल संरक्षण के लिए खुदाई कार्य व श्रमदान, 16 जून को शहर के मुख्यमार्गों, चौराहों व सर्किलों की साफ सफाई, 17 से 19 जून तक मुख्यमंत्री वृक्षारोपण महाअभियान का लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सघन वन क्षेत्र का चयन करने व सुरक्षा के लिए तारबंदी करने का कार्य एवं 20 जून को वंदेगंगा अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों, स्वयंसेवको व महिलाओं को प्रशस्ति पत्र वितरण एवं समापन समारोह का आयोजन किया जाएगा।

केकड़ी: वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के तहत लसाड़िया में करणी सागर तालाब के घाट पर पूजा अर्चना करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।

लसाड़िया में हुआ ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम: इसी प्रकार केकड़ी पंचायत समिति के लसाड़िया गांव में ब्लॉक स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे विधायक शत्रुघ्न गौतम मुख्य अतिथि एवं प्रधान होनहार सिंह राठौड़, ब्रह्माणी माता मंडल अध्यक्ष सत्यनारायण गुर्जर व उपखंड अधिकारी सुभाष चन्द्र हेमानी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। शुरुआत में अ​तिथियों ने करणी सागर तालाब व पीपल की पूजा अर्चना की। इसके बाद महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली। जो मुख्य बाजार होते हुए आईटी सेंटर पहुंची। कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाएं डीजे व अलगोजे की धुन पर नाचती-गाती चल रही थी।

प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने की दिलाई शपथ: आईटी सेंटर पर आयोजित सभा में विधायक गौतम ने प्लास्टिक से होने वाली बीमारियों के बारे में बताया। उन्होंने ग्रामीणों को प्लास्टिक न उपयोग करने की शपथ दिलाई। विकास अधिकारी दिशी शर्मा ने अभियान की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आईटी सेंटर में विकसित नर्सरी का उद्घाटन व वृक्षारोपण भी किया गया। इस मौके पर अतिरिक्त विकास अधिकारी रमेश चन्द्र गुर्जर सहित कई भाजपा कार्यकर्ता, राजीविका समूह की महिलाएं व सैकड़ों ग्रामीण शामिल हुए। संचालन नंदकिशोर शर्मा ने किया।

RELATED ARTICLES