केकड़ी, 27 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित कुंज मंदिर (बस्ती क्रमांक 3) मंदिर परिसर में विश्व हिंदू परिषद व बजरंग दल के तत्वावधान में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम का जन्मोत्सव श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ओंकार मंत्र, एकात्मता मंत्र व विजय महामंत्र के उच्चारण के साथ हुआ। मुख्य वक्ता प्रधानाचार्य संतोष विजय ने श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान करते हुए नारी शक्ति के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बालिकाओं को आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने व दुर्गा वाहिनी जैसे संगठनों से जुड़ने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता व बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित करने पर जोर दिया।
सुदृढ़ बने भाईचारे की भावना: विहिप के जिला उपाध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि चांदमल जैन ने आपसी भाईचारे व सहयोग की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश दिया। इस अवसर पर विहिप के जिला सत्संग प्रमुख काशीराम विजय, जिला गौरक्षा प्रमुख रामावतार चौधरी, नगर अध्यक्ष चंद्रप्रकाश विजय, नगर मंत्री मुकेश शर्मा (एडवोकेट), नगर सह मंत्री ओमप्रकाश सोनी, राजेंद्र फतेहपुरिया, समरसता प्रमुख पृथ्वीराज जीनगर व जगेश्वर प्रसाद शर्मा सहित अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता व मातृशक्ति उपस्थित रही।

