Site icon Aditya News Network – Kekri News

वाइब्रेंट ओलंपियाड का परिणाम घोषित: प्रशासनिक परीक्षा में सफल युवाओं ने दिया सफलता का मंत्र, विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत

केकड़ी: ओलंपियाड में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि।

केकड़ी, 22 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): वाइब्रेंट एकेडमी के तत्वावधान में गत 8 फरवरी को आयोजित वाइब्रेंट ओलंपियाड की बहुप्रतीक्षित अवार्ड सेरेमनी रविवार को मोलकिया स्थित विद्यालय परिसर में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुई। कार्यक्रम के दौरान मेधावी विद्यार्थियों का परिणाम घोषित करते हुए कुल 21 लाख रुपए की स्कॉलरशिप का वितरण किया गया। समारोह में अतिथि के रूप में प्रथम प्रयास में RAS में 76वीं रैंक प्राप्त करने वाले श्रेष्ठी लखोटिया व द्वितीय प्रयास में 453वीं रैंक प्राप्त करने वाले CA अमन लखोटिया उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने अपनी शैक्षणिक यात्रा व सफलता के मंत्र साझा करते हुए विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। कार्यक्रम में राजकीय जिला चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. नवीन जांगीड़ भी अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

केकड़ी: ओलंपियाड में विजेता रहे प्रतिभागियों को सम्मानित करते अतिथि।

प्रतिभाओं को मिला नकद पुरस्कार व स्कॉलरशिप: मुख्य प्रबंधक डॉ. महेन्द्र सिंह डूडी ने बताया कि ओलंपियाड में प्रथम रैंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को 100% स्कॉलरशिप व 2100/- रुपए नकद, द्वितीय रैंक को 90% स्कॉलरशिप व 1100/- रुपए नकद तथा तृतीय रैंक धारकों को 80% स्कॉलरशिप व 500/- रुपए नकद प्रदान किए गए। साथ ही चतुर्थ रैंक वालों को 25% व अन्य सभी प्रतिभागियों को 10% स्कॉलरशिप दी गई। 22 फरवरी को पंजीकरण कराने वाले विद्यार्थियों के लिए 1000 रुपए की अतिरिक्त स्कॉलरशिप की घोषणा भी हुई।

400 विद्यार्थी हुए पुरस्कृत: समारोह में कुल 400 विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया। स्कूल प्रबंधन ने भविष्य में भी विद्यार्थियों को पूर्ण मार्गदर्शन देने का आश्वासन दिया। परिणाम के बाद विद्यार्थियों व अभिभावकों में उत्साह नजर आया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने आगामी सत्र के लिए नामांकन करवाया। संस्थान ने घोषणा की कि जो विद्यार्थी इस ओलंपियाड में शामिल नहीं हो सके उनके लिए आगामी 15 मार्च को पुनः ओलंपियाड आयोजित कर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जाएगा। कार्यक्रम में समस्त स्टाफ, विद्यार्थी व अभिभावक उपस्थित रहे।

Exit mobile version