केकड़ी, 07 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): विराट हिंदू सम्मेलन की पूर्व संध्या पर शनिवार शाम को सर्व हिंदू समाज के तत्वावधान में एक भव्य वाहन रैली का आयोजन किया गया। इस रैली ने पूरे शहर को भक्ति व उत्साह के रंग में सराबोर कर दिया। रैली का आगाज पटेल मैदान से हुआ जहां सबसे आगे मुख्य ट्रैक्टर व डीजे वाहन तथा उसके पीछे सैकड़ों दुपहिया वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था। रैली में शामिल श्रद्धालु हाथों में केसरिया पताकाएं थामे हुए थे। रैली के दौरान भारत माता की सजीव झांकी सबके आकर्षण का केंद्र रही, वहीं एमएलडी संस्थान द्वारा सजाई गई मां दुर्गा की मनोहारी झांकी ने भी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

इन मार्गों से गुजरी वाहन रैली: यह वाहन रैली पटेल मैदान, तीनबत्ती चौराहा, अजमेरी गेट, घंटाघर, सदर बाजार, खिड़की गेट, लोढ़ा चौक, चारभुजा मंदिर, सुरजपोल गेट, भैरू गेट, बड़ा गुवाड़ा, बस स्टैण्ड, श्रीराम सर्किल, अजमेर रोड़, श्रीरामद्वार से काजीपुरा (रामपुरा), तेलीयान मंदिर, जैन कॉलेज, जूनिया गेट, घंटाघर, देवगांव गेट, छगनपुरा, पुराना चुंगी नाका, पथवारी, जयपुर रोड़ होते हुए पोकीनाडी बालाजी मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई। शहर के विभिन्न मोहल्लों व मुख्य बाजारों में जगह-जगह रैली का स्वागत किया गया।

रविवार को होगा मुख्य आयोजन: विराट हिन्दू सम्मेलन के तहत रविवार को नगर के विभिन्न मंदिरों व सेवा बस्तियों से भव्य कलश यात्राएं निकाली जाएंगी। ये यात्राएं नगर भ्रमण के पश्चात सम्मेलन स्थल पटेल मैदान पहुंचेंगी। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अजमेर विभाग प्रचारक शिवराज का संबोधन होगा। कार्यक्रम में महंत श्री राधे बाबा निर्मोही व अंतर्राष्ट्रीय पॉडकास्टर मेघा अरोड़ा सहित कई प्रख्यात संत-महात्मा अपने ओजस्वी आशीर्वचन प्रदान करेंगे। धर्मसभा की समाप्ति के पश्चात विशाल भोजन प्रसादी का आयोजन भी किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है व समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।


