केकड़ी, 09 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रीजन थैलेसिमिया वेलफेयर सोसायटी अजमेर एवं यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 14 मार्च शनिवार को एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। यह शिविर स्व. ललित कोरवानी की स्मृति में अजमेरी गेट स्थित पुराना सी.एच.सी. भवन (यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी) में प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक चलेगा। सोसायटी के संस्थापक व महामंत्री ईश्वर पारवानी ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य सोसायटी के अंतर्गत पंजीकृत 270 थैलेसिमिक बच्चों के निरंतर रक्त संचरण हेतु रक्त एकत्रित करना है। इस अभियान के लिए 100 से 125 यूनिट रक्त संग्रहण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संकलित रक्त का उपयोग जोनल ब्लड बैंक के माध्यम से इन बच्चों के अबाधित उपचार के लिए किया जाएगा।
ये करेंगे सहयोग: शिविर में यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ होम्योपैथी के स्टाफ व राजकीय जवाहर लाल नेहरू चिकित्सालय के वरिष्ठ तकनीशियन व स्टाफ द्वारा अपनी सेवाएं प्रदान की जाएंगी। संस्था की ओर से आमजन से अपील की गई है कि वे निडर होकर अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करें, क्योंकि आपका रक्त ही इन बच्चों के लिए जीवनदान है। शिविर के सफल संचालन के लिए डॉ. पुनीत आर. शाह के साथ सोसायटी के सदस्य विजय सिंह, छीतरमल जाट, गब्बर कोरवानी, भंवरलाल तेली, रामधन, गणेश प्रजापति, रफीक गुराक, रामराज, सरोज बैरवा, चित्रा जाट, बालकिशन शर्मा व अविनाश दुबे आदि सहयोग प्रदान करेंगे।

