केकड़ी, 26 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): लोकसभा चुनाव के लिए केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया शुक्रवार को सुबह 7 बजे शुरू हुई। मतदान केन्द्रों पर सुबह सुबह अच्छी भीड़ नजर आई। लेकिन तेज गर्मी के चलते दोपहर में मतदान केन्द्र सूने हो गए। शाम को लगभग 5 बजे हुई रिमझिम बारिश के कारण वातावरण में ठंडक हो गई। परन्तु मतदान केन्द्रों से मतदाता नदारद हो गए। कार्यकर्ताओं ने मतदान से वंचित रहे मतदाताओं को वोटिंग के लिए प्रेरित किया, इसके बावजूद मतदान केन्द्र सूने पड़े रहे। मतदान के दौरान मतदाताओं में विशेष उत्साह नजर नहीं आया। लोगों ने खामोशी के साथ आकर मतदान किया।
मतदान अपडेट
■ केकड़ी में शाम 5 बजे तक 51.01 फीसदी मतदान हुआ।
■ केकड़ी में दोपहर 3 बजे तक 41.05 फीसदी मतदान हुआ।
■ केकड़ी में दोपहर 1 बजे तक 33.40 फीसदी मतदान हुआ।
■ केकड़ी में सुबह 11 बजे तक 23.00 फीसदी मतदान हुआ।
■ केकड़ी में सवेरे 9 बजे तक 12.90 प्रतिशत मतदान हुआ।

बनाए 267 मतदान केन्द्र केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 267 मतदान केन्द्रों पर मतदान हुआ। निर्वाचन विभाग के निर्देशों की अनुपालना में बीएलओ भी अधिकाधिक मतदान के लिए जुटे रहे। ये मतदाताओं को उनके वोटिंग केंद्र या फिर कमरा नंबर की जानकारी देते नजर आए। हर बूथ केंद्र पर दो स्काउट गाइड भी तैनात किए गए। जिन्होंने बुजुर्ग या फिर बीमार व्यक्ति को केंद्र तक पहुंचाने में मदद की। फर्स्ट टाइम वोटर में मतदान के प्रति विशेष रुचि नजर आई। मतदान केन्द्रों पर बुजुर्ग मतदाताओं सहित दिव्यांगों ने भी बड़ी संख्या में मतदान के अधिकार का उपयोग किया।

निर्वाचन विभाग की पहल रही नाकाम निर्वाचन आयोग की ओर से अधिकाधिक मतदान कराने के लिए शुरू की गई पहल के बावजूद लोगों में उत्साह की कमी नजर आई। मतदाताओं को आकर्षित करने के लिए इस बार केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में 8 पिंक बूथ, 8 युवा बूथ, 1 दिव्यांग बूथ, 1 ग्रीन बूथ एवं 1 मॉडल बूथ बनाया गया है। केकड़ी में दूल्हे यशवंत साहू ने बारात की रवानगी से पहले राजकीय पायलेट विद्यालय में बनाए गए मतदान केन्द्र पर जाकर वोटिंग की। इसके बाद बारात टोंक के लिए रवाना हुई।