केकड़ी, 2 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): जलदाय विभाग द्वारा बीसलपुर परियोजना की पाइपलाइन का वार्षिक रखरखाव करने एवं विभिन्न स्थानों पर हो रखे लीकेज की मरम्मत करने के लिए 48 घंटे का शटडाउन लिया जाएगा। इसके चलते केकड़ी सहित विभिन्न इलाकों में दो दिन जलापूर्ति बाधित रहेगी। जलदाय विभाग के सहायक अभियंता धीरज मीणा ने बताया कि 06 फरवरी 2024 को रात 10 बजे से बीसलपुर परियोजना की एमएस पाइप लाइन का शटडाउन लिया जाना प्रस्तावित है। उक्त शटडाउन के कारण बीसलपुर फेज द्वितीय में डाली गई एमएस पाइप लाइन की जलापूर्ति 48 घंटे बाधित रहेगी। उक्त 48 घंटे में पाइप लाइन को खाली करना, विभिन्न स्थानों पर मरम्मत करना, लगभग 11 लिकेज ठीक करना एवं पुनः पाइप लाइन भरने का समय सम्मिलित है।
अतिरिक्त पेयजल का करना होगा संग्रहण उक्त शटडाउन दिनांक 08.02.2024 को रात्रि 10 बजे तक पूर्ण होने की संभावना है। शटडाउन के कारण दिनांक 07.02.2024 एवं 08.02.2024 को केकड़ी शहर में जलापूर्ति आंशिक रूप से प्रभावित रहेगी एवं केकड़ी शहर के कुछ क्षेत्र जहां अन्य कारणों से जलापूर्ति में व्यवधान रहता है। वहां पर जल व्यवस्था सुचारू रखने के प्रयास किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त केकड़ी शहर के अन्य क्षेत्रों, सम्पूर्ण केकड़ी एवं सावर क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति आंशिक रूप से बाधित रहेगी। मीणा ने जनता से आग्रह किया है कि वे अपनी आवश्यकता अनुसार पानी का संग्रहण करके रखें ताकि उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं उठानी पड़े।
जलदाय विभाग लेगा 48 घंटे का शटडाउन, केकड़ी में दो दिन बाधित रहेगी जलापूर्ति

प्रतीकात्मक फोटो