Homeविविधमौसम का यू-टर्न: 20 मिनट की तेज बारिश व अंधड़ से जनजीवन...

मौसम का यू-टर्न: 20 मिनट की तेज बारिश व अंधड़ से जनजीवन प्रभावित, ग्रामीण क्षेत्रों में गिरे चने के आकार के ओले, फसलों को नुकसान की आशंका

केकड़ी, 07 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। मंगलवार दोपहर बाद केकड़ी शहर सहित क्षेत्र में करीब 20 मिनट तक हुई तेज बारिश व ओलावृष्टि ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया। अचानक आए इस बदलाव से शहर की सड़कों व गलियों में जलभराव की स्थिति बन गई। सुबह से ही आसमान में काले बादलों का डेरा था। दोपहर बाद अचानक तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। अंधड़ व बारिश के कारण कुछ स्थानों पर पेड़-पौधे धराशायी हो गए, वहीं निचले इलाकों व मोहल्लों में पानी भर जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

केकड़ी: क्षेत्र में गिरे चने के आकार के ओले।

कई गांवों में गिरे ओले: बारिश के साथ ही कालेड़ा कृष्ण गोपाल व आसपास के कई गांवों में चने के आकार की ओलावृष्टि हुई। अचानक हुई इस ओलावृष्टि व बारिश के कारण खेतों में कटकर पड़ी गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका बढ़ गई है। हालांकि क्षेत्र के अधिकांश किसानों ने समय रहते गेहूं की कटाई कर ली थी, जिससे बड़े स्तर पर होने वाले नुकसान से राहत मिली है। फिर भी जिन किसानों की फसल अभी खेतों में पड़ी है या खुले खलिहानों में रखी है, उन्हें बारिश व ओलों से उपज खराब होने की चिंता सता रही है। तेज बारिश के कुछ समय बाद बादल छंटने से मौसम तो साफ हो गया, लेकिन प्रकृति के इस अनिश्चित व्यवहार ने काश्तकारों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी हैं।

RELATED ARTICLES