Monday, December 22, 2025
Homeक्राइम न्यूजसंदिग्ध परिस्थितियों में मिला महिला का शव, मौत का कारण; मिर्गी का...

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला महिला का शव, मौत का कारण; मिर्गी का दौरा या कोई साजिश, जांच में जुटी पुलिस

केकड़ी, 09 दिसंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मंगलवार सुबह केकड़ी शहर के बघेरा रोड पर स्थित मेहंदीपुर बालाजी मंदिर व सरकारी वेयर हाउस के पीछे खेतों के आम रास्ते पर एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा व सिटी थानाधिकारी कुसुमलता मीणा समेत पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा तथा मामले की गंभीरता से जांच-पड़ताल शुरू की। मृतका की पहचान देवगांव गेट बाहर कंजर बस्ती निवासी मंजू देवी कंजर (42) पत्नी राजेश कंजर के रूप में हुई है।

केकड़ी: महिला के शव को मोर्चरी में शिफ्ट करवाती पुलिस।

रात 2 बजे घर से निकली थी महिला: पुलिस के अनुसार मामले का पता तब चला जब सुबह खेतों की सार-संभाल करने जा रही एक महिला की नजर सड़क किनारे पड़े शव पर पड़ी। महिला ने तत्काल इसकी जानकारी आसपास के लोगों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्तगी का प्रयास किया, जिस दौरान पता चला कि कंजर बस्ती से बीती रात एक महिला बिना बताए घर से निकली हुई है।

शरीर पर मिले जलने के निशान: पुलिस की सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने बताया कि मंजू को मिर्गी के दौरे पड़ते है तथा वह रात को लगभग 2 बजे बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। तभी से वे उसकी तलाश कर रहे थे। महिला के शरीर पर जलने के निशान भी पाए गए। इस संबंध में परिजनों का कहना है कि यह निशान कुछ दिन पहले मध्य प्रदेश में रोजी-रोटी की तलाश के दौरान लगे थे। पुलिस ने मृतका के शव को राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में शिफ्ट करा दिया है।

केकड़ी: महिला का शव मिलने की सूचना पर मौके पर जमा भीड़।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज: पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा ने बताया कि पंचनामा व पोस्टमार्टम की आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मौत का कारण मिर्गी के दौरे के बाद हुई कोई दुर्घटना है या इसके पीछे कोई और राज छिपा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

RELATED ARTICLES