Sunday, November 16, 2025
Homeशिक्षाराष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम, शिक्षक संघ की संगोष्ठी में...

राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अहम, शिक्षक संघ की संगोष्ठी में वक्ताओं ने पंच परिवर्तन का किया आह्वान

केकड़ी, 16 नवंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा केकड़ी के तत्वावधान में रविवार को पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में महिला संवर्ग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का मुख्य विषय “राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की अहम भूमिका” रहा। जिसकी मुख्य वक्ता राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय संस्कृत शोकलिया की प्रधानाचार्य अंजना पांडे थी। तीन सत्रों में आयोजित संगोष्ठी का शुभारंभ मां सरस्वती व संगठन के संस्थापक जयदेव पाठक के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन, मां शारदे की वंदना व राष्ट्रगीत वंदे मातरम के गायन से हुआ। मां शारदे की संस्कृत वंदना अंजना पांडे ने प्रस्तुत की। स्वागत गीत बबीता शर्मा एवं संगठन गीत प्रभा पंचोली व स्नेहल पारीक ने गाया।

मातृशक्ति की भूमिका पर हुई सार्थक चर्चा: प्रथम सत्र की अध्यक्षता उपशाखा महिला मंत्री सोनू कुमावत ने की। मुख्य वक्ता अर्चना लखोटिया ने रानी अब्बक्का देवी के जीवन चरित्र व कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए महिला सशक्तिकरण पर जोर दिया। द्वितीय सत्र में मुख्य वक्ता अंजना पांडे ने पंच परिवर्तन के विषय पर महिला शिक्षकों में उत्साह जगाया तथा मातृशक्ति के देश के प्रति कर्तव्यों को याद दिलाया। उन्होंने कुटुंब प्रबोधन, सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण व नागरिक कर्तव्य जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपनी बात रखी। तृतीय सत्र में मुख्य वक्ता अजमेर की जिला महिला मंत्री प्रभा पंचोली ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तृत चर्चा की।

केकड़ी: संगोष्ठी में उपस्थित महिला शिक्षक।

उपस्थिति व आभार: कार्यक्रम का संचालन स्नेहल पारीक ने किया। उपशाखा महिला मंत्री सोनू कुमावत ने आभार जताया। संगोष्ठी में केकड़ी क्षेत्र की 101 महिला शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में उपशाखा अध्यक्ष मोजेंद्र सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य महेश शर्मा, विभाग संगठन मंत्री जितेंद्र सिंह, सभाध्यक्ष कैलाश जैन, मंत्री संजय वैष्णव, कोषाध्यक्ष महावीर मेघवंशी, सुरेश चौहान, राजेंद्र सुजेड़िया, मदन मोहन परेवा, प्रदीप जैन, हरिनारायण बिदा आदि पुरुष शिक्षकों का सक्रिय सहयोग रहा। कार्यक्रम का समापन शुभकामना मंत्र के साथ हुआ।

RELATED ARTICLES