केकड़ी, 21 सितंबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अग्रवाल समाज चौरासी के तत्वावधान में महिला परिषद द्वारा रविवार को टोंक जिले के डिग्गी स्थित अग्रवाल सेवा सदन में विशाल महिला अधिवेशन का आयोजन किया गया। इस अधिवेशन में विवाह में बढ़ती उम्र व परिवार विघटन जैसी ज्वलंत समस्याओं पर गहन चर्चा की गई। दिगम्बर जैन आचार्य इंद्रनंदी महाराज के सानिध्य में आयोजित अधिवेशन में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अधिवेशन को संबोधित करते हुए राजस्थान के जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी ने कहा कि आज भी महिलाएं समाज को आगे ले जाने में अग्रणी हैं। उन्होंने इस गंभीर विषय पर इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को एकजुट करने के लिए महिला परिषद अध्यक्ष इंदु मित्तल की सराहना की। उन्होंने कहा कि यहां चर्चा के लिए जो विषय चुना गया है, वह परिवार, समाज व देश को ऊपर ले जाने का कार्य करेगा।

बुराई को जड़ से मिटाना होगा: देवली विधायक राजेंद्र गुर्जर ने जैन धर्म के “जियो और जीने दो” सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि हर समाज इस अधिवेशन के विषयों को अपनाए तो आने वाले समय में परिवार व समाज और भी मजबूत होंगे। टोंक जिला कलक्टर कल्पना अग्रवाल ने कहा कि पहली बार उन्होंने किसी सामाजिक कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं को समाज की चिंता के विषय पर चर्चा करने के लिए एकत्रित होते देखा है। उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाओं के आगे आने से इन समस्याओं का समाधान आसानी से हो जाएगा। जिला प्रमुख सरोज बंसल ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से समाज में फैली हर बुराई को जड़ से खत्म किया जा सकता है।

पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश: केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, जलदाय मंत्री कन्हैया लाल चौधरी, देवली विधायक राजेंद्र गुर्जर, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रवीर सिंह चौहान आदि ने जैन आचार्य इंद्र नंदी महाराज के दर्शन किए तथा ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत 108 पौधे लगाए। इस दौरान सभी अतिथियों ने जैन भोजनशाला में प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर महिलाओं ने क्षेत्र में पानी की समस्या उठाई, जिस पर जलदाय मंत्री ने टंकी निर्माण कराने की घोषणा की। मंच संचालन इंदु मित्तल ने किया।

सफलता पर जताया आभार: अधिवेशन की सफलता के लिए अग्रवाल समाज चौरासी के अध्यक्ष अनिल सुराशाही, संरक्षक त्रिलोक जैन, सुकमाल झंडा, महावीर सुराशाही व विमल जैन सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने महिला परिषद की अध्यक्ष इंदु मित्तल व सभी ब्लॉक अध्यक्षों का आभार जताया। अधिवेशन में मालपुरा, फागी, जयपुर, भीलवाड़ा, अजमेर, कोटा, टोंक, देवली, निवाई, केकड़ी, उनियारा, चाकसू, शिवाड़, पीपलू, टोडारायसिंह, लावा, पचेवर, डिग्गी, टोरडी व सावर सहित विभिन्न क्षेत्रों से 1000 से अधिक महिलाएं शामिल हुई।