Site icon Aditya News Network – Kekri News

प्रदेश महिला कांग्रेस के शिविर में महिला शक्ति की हुंकार; वरिष्ठ नेताओं ने दिया जीत का मंत्र, सीमा चौधरी ने निभाई सक्रिय भूमिका

केकड़ी: महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव सीमा चौधरी को प्रमाण पत्र प्रदान करते नेतागण।

केकड़ी, 18 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस द्वारा आयोजित दो दिवसीय नेतृत्व सृजन प्रशिक्षण शिविर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। इस राज्य स्तरीय शिविर में प्रदेश भर से महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्षों व प्रदेश पदाधिकारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस शिविर में महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव डॉ. सीमा चौधरी की सक्रिय भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। संगठन के प्रति उनके समर्पण व उत्कृष्ट कार्यों को देखते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। डॉ. चौधरी ने महिला सशक्तिकरण पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाया।

राष्ट्रीय व प्रादेशिक नेतृत्व का मिला मार्गदर्शन: शिविर में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लांबा के प्रेरणादायी उद्बोधन ने कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान की। कार्यक्रम में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव व प्रदेश प्रभारी नूरी खान एवं राष्ट्रीय सचिव व सह-प्रभारी दीप्ति की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह के नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी अपनी बात रखी। इस मौके पर प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह रंधावा, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट व पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने संगठन की मजबूती, राजनीतिक सक्रियता व जनसमस्याओं के समाधान पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।

महिला नेतृत्व को मिली नई दिशा: राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा व सीताराम लांबा ने समाज में महिलाओं की महती भूमिका व नेतृत्व विकास पर प्रकाश डाला। सीनियर एडवोकेट द्वारा महिला प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण कानूनी पहलुओं से अवगत कराया गया। प्रशिक्षण शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं में राजनीतिक समझ विकसित करना व उन्हें सशक्त नेतृत्व के लिए तैयार करना था। पूरे दो दिन चले इस सत्र में महिलाओं को भविष्य की चुनौतियों व संगठन की कार्यप्रणाली के बारे में बारीकी से सिखाया गया।

Exit mobile version