केकड़ी, 09 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सकल जैन समाज के तत्वावधान में ‘विश्व नवकार महामंत्र दिवस 2.0‘ के पावन अवसर पर गुरुवार को भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। प्रातः 8:30 से 9:36 बजे तक आयोजित इस वैश्विक अभियान के तहत क्षेत्र के विभिन्न जिनालयों व स्थानक भवन में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। बोहरा कॉलोनी स्थित श्री ऋषभदेव जिनालय में जैनाचार्य विराग सागर महाराज की सुशिष्या आर्यिका विनतश्री माताजी ससंघ के सानिध्य में सामूहिक जाप संपन्न हुआ। इस अवसर पर आर्यिका श्री ने अपने मंगल प्रवचन में कहा कि शुद्ध भाव व श्रद्धा से किया गया नवकार मंत्र का जाप समस्त कर्मों की निर्जरा करने वाला है। उन्होंने इसे अनादि काल से प्रचलित व अनंत मंत्रों का सार बताया।

वैश्विक शांति व सद्भाव का संदेश: जीतो जयपुर चैप्टर के सदस्य व अग्रवाल समाज चौरासी के अध्यक्ष अनिल मित्तल ने बताया कि जीतो संगठन द्वारा यह आयोजन वैश्विक स्तर पर किया गया है। भारत सहित 108 देशों में लाखों श्रद्धालुओं ने एक साथ जुड़कर शांति, एकता व सद्भाव का संदेश दिया। जीतो जेटीआर विनोद जैन ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य महामंत्र की महत्ता को विश्वभर में प्रसारित करना है। आध्यात्मिक चेतना का यह प्रसार केवल मंदिरों तक सीमित नहीं रहा। क्षेत्र की प्रमुख शिक्षण संस्थाओं आदिनाथ एकेडमी, सेंट्रल एकेडमी, वर्धमान पब्लिक स्कूल, श्री दिगम्बर जैन माध्यमिक विद्यालय एवं श्री सुधा सागर सीनियर सेकेंडरी विद्यालय में भी विद्यार्थियों व शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

धार्मिक क्रियाओं व कृतज्ञता का संगम: कार्यक्रम का शुभारंभ विभिन्न मंदिरों के अध्यक्षों द्वारा दीप प्रज्वलन से हुआ। युवा परिषद ने आर्यिका श्री को शास्त्र भेंट किए व महिला मंडल ने पाद प्रक्षालन की रस्में पूर्ण की। कार्यक्रम के अंत में विनोद जैन ने ऋषभदेव मंदिर समिति व समाजजनों का आभार व्यक्त किया। संचालन पदम जैन (बिजवाड़ वाले) ने किया। उधर सब्जी मण्डी स्थित स्थानक भवन में ज्ञानगच्छाधिपति प्रकाश चंद जी महाराज के सुशिष्य अभिषेक मुनि आदि ठाणा 3 के सानिध्य में श्वेताम्बर जैन समाज ने सामूहिक जाप किया। इस मौके पर वर्धमान स्थानकवासी संघ के अध्यक्ष अशोक लोढ़ा, मंत्री रिखब सोनी, कोषाध्यक्ष विमल लोढ़ा, श्री जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ अध्यक्ष जितेन्द्र सिंघवी, गौतम सिंह बग्गानी सहित कई जने मौजूद रहे।


