Sunday, September 7, 2025
Homeखेलकूदजिला स्तरीय प्रतियोगिता में युवा तीरंदाजों ने किया शानदार प्रदर्शन, अंजलि व...

जिला स्तरीय प्रतियोगिता में युवा तीरंदाजों ने किया शानदार प्रदर्शन, अंजलि व अशोक ने जीता गोल्ड

केकड़ी, 06 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी केकड़ी के तत्वावधान में आयोजित 69वीं जिला स्तरीय 14 वर्ष छात्र-छात्रा तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 शनिवार को सम्पन्न हो गई। एम.एल.डी. कॉलेज के खेल मैदान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले भर की 11 विभिन्न टीमों के कुल 68 युवा तीरंदाजों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। समापन समारोह में एम.एल.डी. मेमोरियल संस्थान के सचिव चंद्रप्रकाश दुबे मुख्य अतिथि एवं सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य बृजराज शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अध्यक्षता डॉ. अविनाश दुबे ने की। शुरुआत में अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन किया।

विजेताओं को पहनाए पदक: समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि खेल हमें जीवन में अनुशासन व जीत के लिए संघर्ष करना सिखाते है। खिलाड़ियों की अद्भुत प्रतिभा व खेल भावना को देखकर खुशी होती है कि हमारे युवा खेलों में इतनी रुचि ले रहे है। निर्णायक मंडल में संदीप कौर, वीरेंद्र प्रताप सिंह, राजेंद्र सिंह व मनदीप कौर शामिल थी। समारोह के दौरान अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया। प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य नरेंद्र कुमार पारीक ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों व दर्शकों का आभार जताया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

ये रहे परिणाम: संस्थान निदेशक अनिरुद्ध दुबे ने बताया कि 40 मीटर रिकर्व राउंड के छात्रा वर्ग में त्रिवेणी एकेडमी गुलगांव की अंजलि रेगर ने स्वर्ण पदक, त्रिवेणी एकेडमी गुलगांव की अनुष्का रेगर ने रजत पदक एवं श्री मिश्रीलाल दुबे बालिका उच्च माध्यमिक अकादमी केकड़ी की प्रिया बुंदेल ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। इसी प्रकार छात्र वर्ग में एम.एल.डी. इंटरनेशनल एकेडमी केकड़ी के अशोक चौधरी ने स्वर्ण पदक, एम.एल.डी. एकेडमी केकड़ी के अक्षत पुरी ने रजत पदक एवं श्री मिश्रीलाल दुबे उच्च माध्यमिक अकादमी के राजवीर जाट ने कांस्य पदक जीत कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।

RELATED ARTICLES