Wednesday, April 30, 2025
Homeक्राइम न्यूजबेखौफ लूटेरों का आतंक, महिला की नाक पर झपट्टा मारकर सोने की...

बेखौफ लूटेरों का आतंक, महिला की नाक पर झपट्टा मारकर सोने की नथ लूटी

केकड़ी, 16 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी के पुराने कोटा मार्ग पर मोलकिया गांव के पास मंगलवार को बाइक सवार बदमाशों ने महिला की नाक पर झपट्टा मार कर सोने की नथ लूट ली। वारदाता के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस उप अधीक्षक संजय सिंह चंपावत मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। बताया जाता है मोलकिया गांव में तीन दिन में लूट की यह दूसरी घटना है।

बाइक पर केकड़ी आ रही थी महिला प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़ला निवासी नोरती पत्नी गोपाल जाट अपने पति के साथ बाइक पर सवार होकर केकड़ी आ रही थी। इसी दौरान मोलकिया चौराहे से पहले पीछे से आए अज्ञात बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर महिला के नाक में पहनी सोने की नथ छीन ली व मौके से फरार हो गए। अचानक हुई वारदात के बाद महिला हतप्रभ रह गई। शोर शराबा सुनकर मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। वारदात के बाद बाइक सवार बदमाश केकड़ी की और भाग गए।

सीसीटीवी फुटेज खंगाले वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस उपाधीक्षक संजय सिंह चंपावत के साथ सिटी पुलिस थाने के कांस्टेबल राकेश यादव, छोटू राम, पंकज व सदर पुलिस थाने के एएसआई प्रभुलाल, हैड कांस्टेबल संपत राज मीणा, कांस्टेबल केदार मीणा आदि मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। पुलिस ने पीड़ित महिला से अज्ञात बदमाशों के हूलिए की जानकारी ली है।

तीन दिन में दूसरी वारदात मोलकिया गांव में तीन दिन में लूट की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले रविवार को जंगल में भेड़ चरा रही एक महिला के साथ अज्ञात बदमाश मारपीट कर सोने के गहने लूट कर ले गए थे। मारपीट में गंभीर घायल महिला अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती है। लगातार हो रही वारदात के बाद से ही लोगों में भय का माहौल है। मोलकिया के पास तीन साल पहले भी बाइक सवार बदमाशों ने लगातार तीन-चार महिलाओं के साथ सोने की नथ लूटने की वारदात अंजाम दी थी।

RELATED ARTICLES