केकड़ी। श्री क्षत्रिय युवक संघ द्वारा 22 दिसंबर 2021 को भवानी निकेतन जयपुर में आयोजित हीरक जयंती समारोह में केकड़ी क्षेत्र से अधिकतम लोगों को शामिल कराने के लिए सोमवार को केकड़ी शहर में संदेश यात्रा निकाली गई। बाइक व वाहनों पर निकाली गई रैली की शुरुआत अजमेर रोड स्थित महाराणा प्रताप सर्किल से हुई। शुरुआत में प्रधान होनहार सिंह राठौड़ सापण्दा, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत सावर, क्षत्रिय सभा अध्यक्ष नरपत सिंह गुलगांव, राजपूत सभा जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह ढोस आदि ने महाराणा प्रताप एवं तनसिंह के चरणों में पुष्पांजलि अर्पित की। रैली को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक घनश्याम शर्मा व पुलिस उप अधीक्षक खींवसिंह राठौड़ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में सैकड़ों की संख्या में समाज बंधु, बच्चे और महिलाएं मौजूद रहे। जिनका नेतृत्व देवेंद्र सिंह ढिगारिया ने किया। रैली अजमेर रोड से रवाना होकर मुख्य बाजारों से गुजरते हुए पुराना कोटा रोड होते हुए राजपूत छात्रावास पहुंची। यहां महावीर सिंह तोमर, विजय सिंह तोमर आदि ने अल्पाहार कराया। रैली के दौरान कस्बेवासियों ने अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा की। रैली में देवेंद्र सिंह हरपुरा, बहादुर सिंह पिपलाज, पृथ्वी सिंह सापुंदा, भगवान सिंह देवगांव, लोकेंद्र सिंह बघेरा, देवेंद्र सिंह थांवला (उप जिला प्रमुख टोंक), प्रभाकरण सिंह (उप प्रधान सावर), चंद्रवीर सिंह शक्तावत, भरत सिंह सापुंदा, देवव्रत सिंह डोराई, अंशुमान सिंह अरवड़ आदि उपस्थित रहे। श्री क्षत्रिय युवक संघ अजमेर के प्रान्त प्रमुख विजयराज सिंह जालियां ने आभार जताया।