केकड़ी, 03 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम एकबार फिर कांग्रेस के कद्दावर नेता रघु शर्मा को हराने में सफल रहे है। रघु शर्मा ने कांग्रेस सरकार में अपने रुतबे के कारण क्षेत्र में विकास के खूब काम कराए, लेकिन जनता ने उनके रुतबे को खारिज कर दिया। पूर्व संसदीय सचिव रहे शत्रुघ्न गौतम को युवा तरूणाई का जोरदार समर्थन मिला। पूर्ववर्ती कार्यकाल को लेकर लगाए गए तमाम कयास के बावजूद गौतम भारी अच्छे खासे मार्जिन से जीत हासिल करने में कामयाब रहे।
केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम को जीत की बधाई देती उनकी पत्नी रजनी गौतम।
किसको मिले कितने वोट केकड़ी विधानसभा क्षेत्र में कुल 2 लाख 61 हजार 540 मतदाता है। इनमे से 1 लाख 98 हजार 137 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी के साथ 2218 मतदाताओं डाकमत्र के जरिए मतदान किया। कुल 2 लाख 355 मतदाताओं में से भाजपा के शत्रुघ्न गौतम को 99 हजार 671 एवं कांग्रेस के डॉ. रघु शर्मा को 92 हजार 129 मत मिले। गौतम ने शर्मा को 7 हजार 542 मतों के अंतर से पराजित किया। अन्य प्रत्याशियों में आजाद समाज पार्टी के जितेन्द्र बोयत को 2098, बहुजन समाज पार्टी की तुलसी देवी को 1549, निर्दलीय सुरेन्द्र सिंह को 1403, निर्दलीय हेमराज गुर्जर को 1094, निर्दलीय बद्रीलाल जाट को 539 एवं निर्दलीय जगदीश जाट को 325 मत मिले। यहां 1547 मतदाताओं ने नोटा का प्रयोग किया।
परिवर्तन चाहती थी जनता केकड़ी विधानसभा सीट से विधायक निर्वाचित घोषित होने के बाद शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि भाजपा ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा है। केकड़ी में कांग्रेस का कुशासन चल रहा था। विकास कार्यों में जमकर भ्रष्टाचार हुआ। लोगों को प्रताड़ित किया गया। ऐसे में क्षेत्र की आम जनता परिवर्तन चाहती थी। भाजपा राज में केकड़ी में विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। मुख्य फोकस मूलभूत ढांचे को सुदृढ़ करने का रहेगा।
केकड़ी: शत्रुघ्न गौतम को बढ़त मिलने की सूचना पर नारेबाजी कर खुशी का इजहार करते भाजपा कार्यकर्ता एवं समर्थक।
कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न केकड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी शत्रुघ्न गौतम को शुरुआती रूझान में बढ़त मिलने के साथ ही भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर थिरकना शुरु कर दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने तीनबत्ती चौराहा, घण्टाघर, जूनियां गेट, पुरानी केकड़ी, जयपुर रोड सहित कई इलाकों में आतिशबाजी कर खुशी का इजहार किया। कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी, नरेन्द्र मोदी, योगी आदित्यनाथ एवं शत्रुघ्न गौतम जिन्दाबाद के नारे लगाए व भाजपा की जीत का जश्न मनाया।
प्रशासन रहा चौकस चुनाव परिणाम की घोषणा के दौरान नगर में शांति व कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन चौकस नजर आया। पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी के निर्देश पर पुलिस टीमों ने नगर के विभिन्न स्थानों पर घूम कर जानकारी ली। किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निबटने के लिए नगर के प्रमुख स्थानों पर पूरे दिन पुलिस जाप्ता तैनात रहा।
केकड़ी: संकल्प के अनुसार चप्पल—जूतों का त्याग करते नवनिर्वाचित विधायक शत्रुघ्न गौतम।
लोगों ने ली पल—पल की जानकारी विधानसभा चुनाव का परिणाम जानने के लिए लोगों की निगाहें सुबह से ही टीवी व मोबाइल पर जमी रही। लोगों ने पल-पल की खबर का अपने हिसाब से विश्लेषण किया। इस दौरान लोगों में परिणाम जानने की बेहद उत्सुकता नजर आई। प्रत्याशियों के ऊपर नीचे होने की जानकारी मिलने के साथ ही लोगों की धडक़ने भी ऊपर नीचे होती रही।