केकड़ी, 10 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार देर शाम को भांडावास में आयोजित भारत विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। वे शाम 5 बजे के करीब हेलीकॉप्टर से शिविर स्थल के पास स्थित हैलीपेड पर उतरे। जहां पर विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित अन्य भाजपा नेताओं ने शर्मा की अगवानी की। इसके बाद शर्मा ने शिविर स्थल पर पहुंचकर वहां पर लगी विभिन्न विभागों के स्टॉलों पर जाकर अधिकारियों से योजनाओं के संबंध में जानकारी ली और लाभार्थियों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने राजीविका मिशन के तहत महिलाओं को 7 करोड़ रुपए के चैक प्रदान किए। सभा की शुरुआत दीप प्रज्वलन से हुई।
केकड़ी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का माला पहनाकर स्वागत करते विधायक शत्रुघ्न गौतम एवं अन्य।
माला व स्मृति चिन्ह से किया अभिनन्दन समारोह के दौरान विधायक शत्रुघ्न गौतम सहित अन्य ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का 51 किलो की माला पहनाकर व स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कहा मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद पिछली सरकार के सभी विभागों की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि फिलहाल बिजली विभाग की समीक्षा की है। जिसमें ही 80 करोड़ से अधिक का राजस्व घाटा लगा है। शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार ने जिस तरह राजस्थान को आर्थिक रूप से खोखला किया है। उसको मजबूत करने का काम भाजपा सरकार करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी योजनाओं को बंद नहीं किया जाएगा और ना ही नाम परिवर्तन किया जाएगा।
केकड़ी: ग्राम भांडावास में आयोजित सभा में मंचासीन मुख्यमंत्री शर्मा, विधायक गौतम एवं अन्य अतिथि।
गरीब को मिलेगा पौष्टिक खाना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने पिछली बार भगवान के नाम पर अन्नपूर्णा रसोई के नाम से गरीब परिवारों के लिए रसोई योजना संचालित की थी। जिसका नाम कांग्रेस सरकार ने बदलकर इंदिरा रसोई रखा था। जिसे वापस अन्नपूर्णा रसोई किया गया है। गरीब लोगों को पौष्टिक भोजन व बाजरा, मक्का की रोटी भी मिले इसका काम भाजपा सरकार ने किया है। कांग्रेस सरकार के शासन में इंदिरा रसोई योजना में करोड़ों रुपए का घोटाला हुआ है। भाजपा सरकार में किसी भी भ्रष्टाचारियों को बक्शा नहीं जाएगा। भ्रष्टाचार को लेकर उनकी जीरो टॉलरेंस की नीति है। जिन भ्रष्टाचारियों की फाईलों को पिछली सरकार ने दबा कर रखा है उन पर भी कार्रवाई की जाएगी।
केकड़ी: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को गदा भेंट करते विधायक शत्रुघ्न गौतम।
टास्क फोर्स का किया गठन शर्मा ने कहा कि प्रदेश में गुंडाराज खत्म किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने टास्क फोर्स का गठन किया है। जो भूमाफिया और खनन माफिया को चिन्हित करेगी। ऐसे लोगों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। पिछली सरकार के समय जो पेपर लीक की घटना हुई थी उन पर भी कार्रवाई की जा रही है। एसआईटी टीम का गठन कर पेपर लीक करने वाले गुनहगारों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की और से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं चलाई गई है। प्रदेश के पात्र लोगों को लाभान्वित करने का काम विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविरों के माध्यम से किया जा रहा है। उन्होंने सभा में उपस्थित जनसमूह को आत्मनिर्भर राष्ट्र के सपने को साकार करने की शपथ दिलाई।
केकड़ी: लाभार्थी महिला को उज्जवला गैस कनेक्शन प्रदान करते मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं विधायक शत्रुघ्न गौतम।
जरूरतमंद को मिलेगा योजनाओं का लाभ शिविर को संबोधित करते हुए विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि सरकार की मंशा है कि प्रत्येक जरूरतमंद लोगों को सरकार की योजनाओं का लाभ मिले। इसके लिए विकसित भारत संकल्प यात्रा शिविर प्रत्येक ग्राम पंचायत मुख्यालय पर आयोजित किया जा रहे हैं। आम सभा को नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा व मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने भी संबोधित किया। इस मौके पर केकड़ी प्रधान होनहार सिंह राठौड़, अजमेर सीसीबी अध्यक्ष मदनगोपाल चौधरी, टांकावास सरपंच विजय प्रताप सिंह शक्तावत, भाजपा जिला महामंत्री रायचंद बागड़ी, सावर प्रधान आशा बागड़ी, पूर्व प्रधान भूपेंद्र सिंह शक्तावत सहित कई भाजपा नेता मौजूद थे।
केकड़ी: ग्राम भांडावास में आयोजित सभा में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़।
सड़क मार्ग से हुए रवाना मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा देर शाम को पुष्कर से भांडावास पहुंचे। शाम का समय होने व अंधेरा होने की स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर से उतरने के बाद हेलीकॉप्टर को वापस जयपुर के लिए रवाना कर दिया गया। सभा समाप्त होने के बाद वे कार से जयपुर के लिए रवाना हुए। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के दौरे को देखते हुए पुलिस प्रशासन की माकूल सुरक्षा व्यवस्था रही। इस दौरान जिला कलक्टर श्वेता चौहान, पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी, एएसपी नितेश आर्य, डीएसपी संजय सिंह चंपावत सहित विभिन्न थाना अधिकारी पुलिस जाब्ते के साथ मौजूद रहे।