केकड़ी, 13 अप्रैल (आदित्य न्यूज नेटवर्क): पुरानी केकड़ी स्थित सरावगी मोहल्ले में सोमवार को दिनदहाड़े चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक अज्ञात युवक दुकान के गल्ले से करीब 30 हजार रुपए की नकदी लेकर रफूचक्कर हो गया। वारदात के समय आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए मुंह पर स्कार्फ बांध रखा था। प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित दुकानदार महावीर गदिया दोपहर करीब एक बजे दुकान के अंदरूनी हिस्से में कार्य कर रहा था। इसी दौरान मौका देखकर एक युवक दुकान में दाखिल हुआ व गल्ले में रखी लगभग 30 से 32 हजार रुपए की नकदी समेटकर फरार हो गया। जब दुकानदार वापस गल्ले के पास आए, तो उसे खुला देख उनके होश उड़ गए। दुकानदार ने तुरंत बाहर निकलकर तलाश की, लेकिन तब तक आरोपी ओझल हो चुका था।

सरसड़ी गेट की तरफ भागा आरोपी: बताया जा रहा है कि युवक पैदल ही था व वारदात के बाद सरसड़ी गेट की तरफ भाग निकला। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची व घटनास्थल का जायजा लिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय व्यापारियों व मोहल्लेवासियों में भय का माहौल है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आस-पास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।


