केकड़ी, 22 अक्टूबर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में कांग्रेस ने एक बार फिर से अपने मौजूदा विधायक डॉ. रघु शर्मा को मैदान में उतार दिया है। लगभग तय मानी जा रही दावेदारी की वजह से रघु शर्मा की राह आसान रही। संगठन के लिहाज से रघु शर्मा फिलहाल फायदे में है। क्षेत्र में उनके नेतृत्व को संगठन की तरफ सेे अब तक कोई चुनौती नहीं है। शर्मा एक बार फिर से विकास के मुद्दे पर चुनावी समर में उतरने को तैयार है। टिकट पर किसी प्रकार का संकट नहीं होने से शर्मा पिछले कई दिनों में क्षेत्र के अनेक गांवों का दौरा कर अपनी जाजम जमाने का कार्य कर चुके है। असंतुष्ट लोगों को मनाने का दौर पूरा हो चुका है।
दो बार विधायक एवं एक बार सांसद रह चुके है शर्मा कांग्रेस के कद्दावर नेता डॉ. रघु शर्मा 2008 एवं 2018 में कांग्रेस के टिकट पर विधायक रह चुके है। 2008 में उन्होंने भाजपा की रिंकू कंवर को हराकर चुनाव जीता था। लेकिन 2013 में वे भाजपा के शत्रुघ्न गौतम से चुनाव हार गए। इसके बाद 2018 में हुए अजमेर लोकसभा के उप चुनाव में वे भाजपा के रामस्वरूप लांबा को हराकर लोकसभा पहुंचने में कामयाब रहे। विधानसभा चुनाव 2018 में उन्होंने भाजपा के नए चेहरे राजेन्द्र विनायका को मात दी। ऐसे में शर्मा की इस बार भी यहां से दावेदारी पूरी तरह निर्विवाद थी। लिहाजा टिकट की लाइन में उनकी बराबरी का एक भी दावेदार नजर नहीं आया।
दस साल बाद एक बार फिर शर्मा व गौतम होंगे आमने-सामने अब तक केकड़ी से जिस पार्टी का विधायक बना प्रदेश में उसी पार्टी की सरकार बनती रही है। कांग्रेस की चिंता सीट बचाने की तो है ही साथ ही प्रदेश में सरकार भी बने इसी रणनीति के चलते अब तक कांग्रेस की नजर भाजपा की टोह लेने में ही लगी हुई थी। गत 09 अक्टूबर को भाजपा ने पहली सूची में शत्रुघ्न गौतम के नाम पर मुहर लगा दी। ऐसे में 2013 के बाद एक बार फिर से कांग्रेस के रघु शर्मा एवं भाजपा के शत्रुघ्न गौतम आमने—सामने होंगे। यहां एक बात गौरतलब है कि रघु शर्मा की संगठन क्षमता को देखते हुए कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व नें उन्हें गुजरात विधानसभा चुनावों में कांग्रेस का प्रभारी बनाया था। लेकिन वे आशातीत परिणाम लाने में असफल रहे। इसके बाद उन्होंने गुजरात कांग्रेस प्रभारी के पद से इस्तीफा दे दिया।
केकड़ी: रघु शर्मा को टिकट मिलने पर एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार करते कांग्रेस कार्यकर्ता।
समर्थकों ने किया खुशी का इजहार शर्मा का टिकट फाइनल होने के साथ ही समर्थकों में खुशी का माहौल हो गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने तीनबत्ती चौराहे पर जमकर आतिशबाजी की एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा जीत का भरोसा जताया। पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष शैलेन्द्र सिंह शक्तावत, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष समरवीर सिंह शक्तावत, नगर कांग्रेस अध्यक्ष हेमंत जैन, युवा नेता धनेश जैन, नगर परिषद सभापति कमलेश साहू आदि ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि शर्मा के नेतृत्व में क्षेत्र विकास की नई इबारत लिखेगा यह तय है। टिकट की घोषणा होने के बाद डॉ. रघु शर्मा ने कहा कि विधायक के दो कार्यकाल पूरे हो चुके है। दोनों कार्यकाल में केकड़ी में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। केकड़ी जिला बन चुका है। अब इसे आदर्श जिला बनाना पहली प्राथमिकता में शामिल है। पार्टी ने एक बार फिर से मुझ पर भरोसा जताया है। मैं पार्टी की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा।