Thursday, June 19, 2025
Homeक्राइम न्यूजफांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, छह माह पहले...

फांसी के फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, छह माह पहले हुआ था विवाह, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद पीहर पक्ष के सुपुर्द की डेड बॉडी

केकड़ी, 17 सितम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां ढण्ड का रास्ता स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने बीती रात विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरु की। पुलिस ने पीहर पक्ष की मौजूदगी में शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने पंचनामा, पोस्टमार्टम के बाद श​व पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने पीहर पक्ष की रिपोर्ट पर पति सहित अन्य के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं व दहेज प्रतिशेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

मृत अंजू की फाइल फोटो।

क्या है मामला प्राप्त जानकारी के अनुसार जैतारण निवासी अंजू (24) पुत्री लक्ष्मीनारायण जीनगर का विवाह गत छह माह पहले 6 मार्च 2024 को यहां ढण्ड का रास्ता स्थित टेलीफोन एक्सचेंज के सामने रहने वाले दिव्यांशु जीनगर के साथ हुआ था। बीती रात अंजू ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और फांसी के फंदे पर लटक कर ईहलीला समाप्त कर ली। काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो पति सहित अन्य ने दरवाजा खटखटाया तथा आवाजें लगाई। लेकिन अन्दर से किसी तरह का जवाब नहीं मिला। परिवारजन ने खिड़की की ग्रिल तोड़कर अंदर देखा तो अंजू फांसी के फंदे पर लटक रही थी।

पीहर पक्ष की मौजूदगी में उतारा शव अंजू को फंदे पर लटका देख परिवरजन के पैरों तले जमीन खिसक गई। सूचना पर सिटी थानाधिकारी धोलाराम व हैड कांस्टेबल रामफूल मय पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल शुरु की। पुलिस ने जैतारण में रहने वाले अंजू के पिता आदि को घटना के बारे में जानकारी दी। पीहर पक्ष ने उनके आने तक शव नीचे उतारने से मना कर दिया। देर रात लगभग 2 बजे जैतारण से केकड़ी पहुंचे पीहर पक्ष की मौजूदगी में पुलिस ने अंजू के शव को फंदे से नीचे उतारकर राजकीय जिला चिकित्सालय की मोर्चरी पहुंचाया। पीहर पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की।

केकड़ी: विवाहिता की आत्महत्या के मामले में जांच पड़ताल करते पुलिस के उच्चाधिकारी।

एफएसएल टीम ने की जांच घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर घटनास्थल की बारीकी से जांच पड़ताल की तथा घटना से जुड़े साक्ष्य एकत्रित किए। मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार बंसल व पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा भी अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे और मृतका के परिजन से बातचीत की। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम के बाद शव पीहर पक्ष के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने मृतका अंजू के पिता जैतारण निवासी लक्ष्मीनारायण जीनगर की रिपोर्ट पर पति सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जांच पुलिस उप अधीक्षक हर्षित शर्मा के जिम्मे की गई है।

RELATED ARTICLES