Wednesday, March 12, 2025
Homeविविधमावठ की बारिश से खिले किसानों के चेहरे, गेहूं-चना-सरसों-जौ की फसल में...

मावठ की बारिश से खिले किसानों के चेहरे, गेहूं-चना-सरसों-जौ की फसल में होगा फायदा, पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में आई गिरावट

केकड़ी, 27 दिसम्बर (आदित्य न्यूज नेटवर्क): केकड़ी में मावठ के साथ ही तापमान में गिरावट आई है। आसमान में बादल छाए रहने से सर्दी का असर बढ़ गया है। मावठ से किसानों के चेहरों पर खुशी की चमक है। जिले में गुरुवार रात को हल्की बूंदाबांदी हुई है। केकड़ी शहर में शुक्रवार को अपरान्ह बाद मध्यम बारिश का दौर शुरु हुआ। जो काफी देर तक जारी रहा। मावठ से जहां फसलों में फायदा होगा। वहीं पेट्रोल डीजल की बचत होने से फसलों की लागत में भी कमी आएगी।

तीन दिन से छाए है बादल पिछले लगातार तीन दिनों से आसमान में बादल छाए रहने से सर्दी का असर अचानक से बढ़ गया है‌। तीन दिनों से सूर्य देव के दर्शन नहीं हुए हैं। सर्दी से बचाव के लिए लोग गर्म कपड़ों से ढ़के हुए नजर आ रहे हैं‌। बाजार में भी सर्दी का असर देखा जा रहा है‌। रात के समय बाजार में 7 बजे ही सन्नाटा छाने लगा है। सर्दी के चलते दुकानदार अपनी दुकान जल्दी ही बंद करने लगे हैं‌।

हो सकती है ओलावृष्टि बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ का असर केकड़ी जिले में भी देखा जा रहा है। मौसम विभाग ने 26 दिसंबर से प्रदेश में कई जगहों पर बारिश व ओलावृष्टि की चेतावनी दी थी। जिसके चलते 26 दिसंबर से ही जिले के मौसम में भी बड़ा बदलाव आया है। सर्दी के चलते फसलों को भी फायदा मिलेगा। खेतों में अल सुबह से ही हल्का कोहरा छाया हुआ है। किसानों का कहना है कि मावठ से सरसों, गेहूं, जौ, चना सहित अन्य सभी फसलों को फायदा मिलेगा।

RELATED ARTICLES