केकड़ी, 30 जनवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): अजमेर रोड स्थित हजरत पठान शाह पीर बाबा का सालाना दो दिवसीय उर्स शनिवार को शुरू होगा। इस अवसर पर दरगाह परिसर व आसपास का क्षेत्र जायरीनों की भीड़ से गुलजार रहेगा। दो दिनों तक चलने वाले इस उर्स में चादर का भव्य जुलूस, मशहूर कव्वालों की महफिल व लंगर का विशेष आयोजन किया जाएगा। उर्स कमेटी के सदर फिरोज खान मंसूरी ने बताया कि कार्यक्रम का आगाज शनिवार सुबह कुरानख्वानी के साथ होगा। इसके पश्चात दोपहर में अजमेरी गेट से धूमधाम के साथ चादर का जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस नगर के प्रमुख मार्गों से होता हुआ दरगाह पहुंचेगा। जहां मजारे शरीफ पर मखमली चादर व अकीदत के फूल पेश किए जाएंगे। जुलूस के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए मलंग अपने पारंपरिक हैरतअंगेज करतब दिखाकर माहौल को रूहानी बनाएंगे।

सजेगी कव्वाली की महफिल: शनिवार रात्रि को दरगाह परिसर में भव्य महफिल-ए-कव्वाली सजेगी। इसमें इंदौर (मध्यप्रदेश) के मशहूर कव्वाल आमिर हसन चिश्ती व कपासन के प्रसिद्ध फनकार असरार इकबाल चिश्ती अपने सूफियाना कलाम पेश करेंगे। इस दौरान 21 किलो का केक काटकर उर्स की खुशियां मनाई जाएंगी। उर्स कमेटी द्वारा सभी जायरीनों व अकीदतमंदों के लिए लंगर की समुचित व्यवस्था की गई है। आयोजन के दूसरे दिन यानी रविवार को दोपहर में रंग की महफिल सजेगी, जिसके बाद कुल की रस्म अदा की जाएगी। इसी के साथ दो दिवसीय उर्स का विधिवत समापन होगा।

