केकड़ी, 14 फरवरी (आदित्य न्यूज नेटवर्क): सदर थाना क्षेत्र के उंदरी गांव में शुक्रवार रात एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने रिहायशी मकान में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान को भारी क्षति पहुंची है। टक्कर इतनी भीषण थी कि घर की दीवार में दरार पड़ गईं व छत की पट्टियां भी क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय मकान मालिक व उनके परिवार के सदस्य घर के भीतर गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुई जोरदार टक्कर की आवाज से पूरे परिवार में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के अनुसार हादसे में मकान मालिक को लाखों रुपए का आर्थिक नुकसान होने का अनुमान है।

अवैध बजरी परिवहन का आरोप: ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन व परिवहन में लिप्त ट्रैक्टर चालक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए वाहनों को अत्यधिक तेज गति से चलाते हैं। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर भी अवैध बजरी भरने जा रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया व ट्रैक्टर सीधे मकान में जा घुसा। हादसे की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर ट्रैक्टर को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


