केकड़ी, 20 मई (आदित्य न्यूज नेटवर्क): ग्राम पंचायत गुलगांव में प्रशासक नीरज चौधरी की कथित मनमानी व तानाशाही के खिलाफ ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा है। व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने बुधवार को आईटी सेंटर पर ताला जड़ दिया और वहीं धरने पर बैठ गए। ग्रामीण मौके पर ही प्रशासनिक अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़े है। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम पंचायत प्रशासन पिछले 5 वर्षों से लगातार अनियमितताएं बरत रहा है। धरने पर बैठे लोगों ने भ्रष्टाचार व मिलीभगत के कई गंभीर आरोप लगाए है। ग्रामीणों के अनुसार प्रशासक पर सरकारी संपत्तियों व आबादी भूमि पर अवैध रूप से पट्टे जारी करने, सरकारी प्याऊ को ढहाकर अतिक्रमण करने और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्राचीन भवन का पट्टा दिलवाने के प्रयास के आरोप प्रमुख हैं।

यह भी है आरोप: इसी के साथ नरेगा कार्यों में गड़बड़ी और जल जीवन मिशन के तहत करवाए गए कार्यों में भारी घोटाला किया गया है। ग्रामीण इस पूरे मामले में ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ सहायक व पटवारी को तुरंत प्रभाव से हटाने और पंचायत रिकॉर्ड को जब्त करने की मांग कर रहे हैं। फिलहाल पिछले 5 वर्षों में जारी हुए नवीन पट्टों और पुराने पट्टों के नवीनीकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों का यह विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों से समझाइश के प्रयास जारी है।


