केकड़ी, 05 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): फागुन मास के पावन अवसर पर विभिन्न स्थानों पर फागोत्सव का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ किया जा रहा है। अजमेर रोड भाग्योदय नगर स्थित श्री भाग्यदेश्वर महादेव मंदिर में फागुन मास के अवसर पर फागोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान पूरे मंदिर परिसर को रंग-बिरंगे फूलों, गुलाल व आकर्षक सजावट से सजाया गया। ढोल-नगाड़ों की गूंज व “हर-हर महादेव” व “राधे-राधे” के जयकारों से वातावरण गुंजायमान रहा। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुनिधि जांगिड़ ने होली व श्रीकृष्ण भक्ति से जुड़े मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां दी, जिस पर भक्त झूमने को मजबूर हो गए। स्थानीय गायक दामोदर सैनी ने भी शानदार प्रस्तुति देकर समां बांध दिया।

फूलों की होली व जीवंत झांकी: मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर विजयवर्गीय ने बताया कि कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान भोलेनाथ की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। कार्यक्रम के दौरान राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के साथ फूलों की होली खेली गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे पर फूल बरसाकर व गुलाल का टीका लगाकर प्रेम, भाईचारे व सद्भाव का संदेश दिया। समिति के उपाध्यक्ष कैलाश चंद मीणा ने बताया कि भजन संध्या के पश्चात महादेव का मनमोहक श्रृंगार कर महाआरती की गई व प्रसाद वितरण हुआ।

ये रहे मौजूद: इस अवसर पर मंदिर समिति के संरक्षक महावीर शर्मा, कोषाध्यक्ष रामराज जांगिड़, सचिव रामधन प्रजापत, मीडिया प्रभारी दिनेश वैष्णव, वरिष्ठ सदस्य अमरचंद टेलर, बालमुकुंद शर्मा, बलवंत सिंह, शास्त्री विशाल पाराशर, शंकरलाल धाकड़, मूलसिंह, रामस्वरूप चौधरी, अशोक जांगिड़, मुकेश धाकड़, रामप्रसाद झारोटिया, बाबूलाल जांगिड़, कृष्ण गोपाल सिंह, अभिषेक चौधरी, विनोद शर्मा, बियाणी परिवार, लक्की सेन, वंशू सिंह, मोहित मीणा व बंटी प्रजापत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। इस दौरान महिला मंडल की सदस्याएं एकरूपता के साथ निर्धारित साड़ियों में सुसज्जित नजर आईं व फाग गीतों पर नृत्य किया।

तुलसी पैलेस में भजनों पर थिरकी महिलाएं: अजमेर-जयपुर बाइपास स्थित तुलसी पैलेस में गुरुवार दोपहर फागोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भगवान श्रीनाथ व बाबा खाटू श्याम की मनमोहक झांकी सजाई गई। फागोत्सव का शुभारंभ भजन गायक संजय अग्रवाल द्वारा श्रीगणेश वंदना के साथ किया गया। उन्होंने ‘होलिया में उड़े रे गुलाल…‘, ‘आज बिरज में होली रे रसिया…‘, ‘रंग मत डाले रे सांवरिया…‘ व ‘होली खेले तो बाबा बरसाना में आज रे‘ जैसे भजनों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। इन भजनों की मधुर धुन पर उपस्थित महिलाएं भक्ति के रंग में सराबोर होकर फाग गीतों पर जमकर थिरकीं।

फूलों व गुलाल की होली: उत्सव के दौरान महिलाओं ने एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा की व गुलाल लगाकर होली खेली। कार्यक्रम के अंत में भगवान की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर तहसीलदार बंटी राजपूत, बावन माता मण्डल अध्यक्ष राजवीर हावा, भामाशाह रामदेव गेरोटिया, गजानंद गेरोटिया, सुनिता गेरोेटिया, मुक्ता शर्मा, सीमा गेरोटिया, सज्जन कंवर, गीता गेरोटिया, प्रेमदेवी, माया, निधि जैन, स्नेहा दाधीच, नीलम हावा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व श्रद्धालु मौजूद रहे।

