Homeखेलकूदसावर एवेंजर्स ने किशनगढ़ को हराकर जीता क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला खिताब,...

सावर एवेंजर्स ने किशनगढ़ को हराकर जीता क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला खिताब, रोमांचक फाइनल में 6 रनों से जीत दर्ज कर बनी चैंपियन, दीपक साहू बने टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी

केकड़ी, 07 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): यहां पटेल स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में आयोजित सीएमएचओ अजमेर क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 सीजन फर्स्ट का खिताब सीएचसी सावर (सावर एवेंजर्स) ने जीत लिया है। फाइनल मुकाबले में सीएचसी सावर ने किशनगढ़ को रोमांचक मुकाबले में 6 रनों से हराया। इस जीत के साथ ही सीएचसी सावर ने प्रतियोगिता का पहला सीजन अपने नाम कर इतिहास रच दिया। फाइनल मैच में सीएचसी सावर के कप्तान सुरेंद्र सिंह सोलंकी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 8 विकेट खोकर 88 रन बनाए। जवाब में किशनगढ़ की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए 12 ओवर में 8 विकेट पर 82 रन ही बना सकी। सीएचसी सावर के दीपक साहू ने फाइनल में 5 विकेट लेकर मैन ऑफ द मैच का खिताब जीता।

सेमीफाइनल का सफर: यह प्रतियोगिता राजस्थान नर्सेज एसोसिएशन अजमेर (ग्रामीण) के तत्वावधान में आयोजित की गई थी। पहले सेमीफाइनल में सीएचसी सावर ने सरवाड़ को 34 रनों से हराया था, जिसमें दीपक साहू मैन ऑफ द मैच रहे थे। दूसरे सेमीफाइनल में टीम किशनगढ़ ने डीएच केकड़ी को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जहां भानु प्रकाश मौर्या मैन ऑफ द मैच रहे थे। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलडी ग्रुप ऑफ एजुकेशन के डायरेक्टर अविनाश दुबे, नर्सिंग अधीक्षक केकड़ी मदन लाल आलोरिया, पूर्व नर्सिंग अधीक्षक गोपाल लाल वर्मा, महावीर व हनुमान उपस्थित रहे। अतिथियों ने विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया।

मैदान के सितारे: प्रतियोगिता में डॉ. अशोक शर्मा को बेस्ट बल्लेबाज, जबकि दीपक साहू को बेस्ट बॉलर व मैन ऑफ द सीरीज चुना गया। प्रतियोगिता के आयोजक मुकेश मीणा, सुरेंद्र सिंह सोलंकी, रतन सामरिया, दिनेश चोटिया व दीपक साहू रहे। फाइनल मैच में नियंत सामरिया व प्रधान धाकड़ ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि बरकत अली व निखिल साहू ने कमेंट्री की। विजेता टीम सीएचसी सावर के प्रमुख खिलाड़ियों में कप्तान सुरेंद्र सिंह सोलंकी, डॉ. अशोक शर्मा, दीपक साहू, राजेश गुर्जर, मुकेश मीणा, रतन सामरिया, डॉ. ललित शेखावत, डॉ. अर्जुन यादव, बसंत कुमावत, सरफराज हुसैन, मोनू और इंद्रजीत कुशवाह शामिल थे।

RELATED ARTICLES