केकड़ी, 06 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): धार्मिक यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं व आम यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। केकड़ी रोडवेज डिपो ने दो नई महत्वपूर्ण बस सेवाओं का संचालन शुरू किया है। विधायक शत्रुघ्न गौतम की अनुशंसा पर इन सेवाओं को हरी झंडी दी गई है, जिससे अब माता के भक्तों को सुलभ यातायात की सुविधा मिल सकेगी। डिपो के मुख्य प्रबंधक हेमराज मीणा व स्थानीय बुकिंग इंचार्ज ईश्वर सिंह ने बताया कि यात्रियों की बढ़ती मांग व धार्मिक स्थलों की महत्ता को देखते हुए कैलादेवी व त्रिपुरा सुंदरी के लिए सीधी बस सेवाएं शुरू की गई हैं। इन बसों के संचालन से क्षेत्र के लोगों को अब बार-बार बसें बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी।

समय सारिणी पर एक नज़र: रोडवेज द्वारा जारी समय सारिणी के अनुसार केकड़ी से कैलादेवी के लिए सुबह 8.15 बजे एवं त्रिपुरा सुंदरी के लिए सुबह 6.30 बजे का समय निर्धारित किया गया। वापसी में कैलादेवी से केकड़ी के लिए प्रस्थान सुबह 7.30 बजे एवं त्रिपुरा सुंदरी से केकड़ी के लिए प्रस्थान सुबह 8 बजे होगा। इन नई सेवाओं के शुरू होने से न केवल श्रद्धालुओं को सुविधा होगी, बल्कि डिपो के राजस्व में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल के लिए विधायक व रोडवेज प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।

