केकड़ी, 14 मार्च (आदित्य न्यूज नेटवर्क): शनिवार सुबह जयपुर-भीलवाड़ा राजमार्ग पर कादेड़ा के समीप खारी नदी की पुलिया पर एक भीषण सड़क हादसा घटित हुआ। जहां शाहपुरा से केकड़ी की ओर आ रही एक रोडवेज बस व सामने से आ रहे ट्रेलर में जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोडवेज बस का चालक केबिन में ही बुरी तरह फंस गया।हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई व अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन व अन्य उपकरणों की सहायता ली और लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दुर्घटना में बस में सवार दो महिलाएं भी घायल हुई हैं।

मौके पर पहुंची पुलिस: सूचना मिलते ही फूलियाकलां थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सभी घायलों जिनमें चालक मदन लाल जाट, परिचालक जगदीश जाट व यात्री अफसाना बानो तथा सद्दीकन बानो शामिल हैं, को तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कादेड़ा पहुचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। हादसे के कारण पुलिया पर लंबा जाम लग गया। जिसे पुलिस ने कड़ी मेहनत के बाद सुचारू करवाया। बताया जा रहा है कि यह दुर्घटना सुबह करीब 6:45 बजे उस समय हुई जब ट्रेलर बजरी भरने के लिए नदी की ओर जा रहा था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


